बक्सर : बिहार विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। चुनाव आयोग कभी भी तारीखों का ऐलान कर सकता है। इसी कड़ी में सीएम नीतीश आज बक्सर जिले के राजपुर विस क्षेत्र के एक दिवसीय दौरे पर पहुंचे। राजपुर मध्य विद्यालय के खेल मैदान में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने सरकार द्वारा संचालित योजनाओं की प्रदर्शनी का अवलोकन किया।
इस दौरान उन्होंने प्रगति यात्रा के तहत 325 करोड़ 13 लाख की लागत से 5 योजनाओं का शिलान्यास और 504 करोड़ 82 लाख की लागत से तैयार 20 योजनाओं का उद्घाटन किया। इसके बाद मुख्यमंत्री ने नायरा पेट्रोल पंप के पास आयोजित एनडीए कार्यकर्ता संवाद कार्यक्रम में हिस्सा लिया। यहां उन्होंने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर चुनाव में विजय सुनिश्चित करने का आह्वान किया।
मंच से उन्होंने संतोष निराला को राजपुर विधानसभा क्षेत्र से एनडीए प्रत्याशी घोषित किया और उनके पक्ष में समर्थन देने की अपील की। अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने विकास कार्यों व ‘सात निश्चय’ योजना का उल्लेख करते हुए विपक्ष पर भी जमकर निशाना साधा।