बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार एक बार फिर निर्विरोध JDU के राष्ट्रीय अध्यक्ष चुन लिए गए हैं। पार्टी ने आज मंगलवार को इसकी आधिकारिक घोषणा कर दी। दिल्ली स्थित पार्टी मुख्यालय में दोपहर 2:30 बजे एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान नीतीश कुमार के बतौर राष्ट्रीय अध्यक्ष JDU के निर्विरोध निर्वाचन का प्रमाणपत्र जारी किया गया। रिटर्निंग ऑफिसर और JDU के पूर्व राज्यसभा सांसद अनील प्रसाद हेगड़े ने इसकी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि नामांकन वापस लेने की समय सीमा समाप्त होने के बाद केवल नीतीश कुमार का ही नामांकन वैध पाया गया। आज दोपहर 2:30 बजे नीतीश कुमार को आधिकारिक तौर पर निर्वाचित घोषित कर प्रमाणपत्र जारी किया गया। इस अवसर पर पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष संजय कुमार झा, केंद्रीय मंत्री ललन सिंह और बिहार सरकार के मंत्री श्रवण कुमार सहित कई वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे।
लगातार चौथी बार संभालेंगे कमान
नीतीश कुमार लगातार चौथी बार राष्ट्रीय स्तर पर पार्टी का नेतृत्व करने जा रहे हैं। हाल ही में राज्यसभा के लिए चुने जाने के बाद उनके अब दिल्ली की राजनीति में एंट्री से पहले यह बड़ा कदम है। जेडीयू के कार्यकारी अध्यक्ष संजय कुमार झा ने बताया कि पार्टी के सभी सदस्यों ने सामूहिक रूप से नीतीश कुमार से नेतृत्व संभालने का आग्रह किया था। राज्यसभा सांसद रामनाथ ठाकुर ने कहा कि नीतीश कुमार हमारे अभिभावक हैं। कार्यकर्ताओं की इच्छा थी कि वे ही कमान संभालें ताकि बिहार की प्रगति और पार्टी की मजबूती बनी रहे। इससे पहले नीतीश कुमार साल 2016 में पहली बार इस पद पर तब आए थे, जब शरद यादव ने अध्यक्ष पद छोड़ा था। इसके बाद 2019 में उन्हें फिर से पार्टी का अध्यक्ष बनाया गया था। साल 2020 में नीतीश कुमार ने खुद ही अध्यक्ष पद छोड़कर आरसीपी सिंह को यह जिम्मेदारी सौंप दी। बाद में आरसीपी सिंह और फिर ललन सिंह अध्यक्ष बने। हालांकि, दिसंबर 2023 में ललन सिंह ने भी इस्तीफा दे दिया जिसके बाद एक बार फिर नीतीश कुमार ने पार्टी की कमान संभाल ली और तब से वे ही अध्यक्ष हैं। ऐसे में इस बार फिर से उन्हें ही अध्यक्ष चुना गया है।