बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री और अब अपनी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार आज मंगलवार को अचानक पटना में जदयू कार्यालय पहुंच गए। उस समय जदयू दफ्तर में सप्ताहिक जनता दरबार में मंत्रियों द्वारा जनसुनवाई की जा रही थी। नीतीश के अचानक आगमन पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने जिंदाबाद के नारे लगाने शुरू कर दिए। इस दौरान मुख्यमंत्री ने मंत्री शीला कुमारी से बातचीत की। नीतीश कुमार पार्टी कार्यालय पहुंचते ही सीधे जनता दरबार हॉल में गए और वहां चल रही जनसुनवाई का जायजा लिया। जिस वक्त नीतीश कुमार पहुंचे उस समय बिहार सरकार में विज्ञान, प्रौद्योगिकी और तकनीकी शिक्षा विभाग की मंत्री शीला कुमारी वहां मौजूद थीं। वो समस्या लेकर पार्टी कार्यालय पहुंचे लोगों की शिकायतें सुन रही थीं और अधिकारियों को जरूरी निर्देश दे रही थीं।
इस दौरान नीतीश कुमार ने मंत्री शीला कुमारी से संक्षिप्त बातचीत की, उनके काम की सराहना की और कहा कि जनता की समस्या अच्छे से सुनिए। इस दौरान नीतीश कुमार ने मंत्री शीला कुमार से पूछा—’अब सब कुछ हो गया है न, बिल्कुल वैसा ही जैसा आप चाहती थीं’? उधर अचानक अपने पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष को अपने बीच पाकर JDU कार्यकर्ताओं का मनोबल सातवें आसमान पर पहुंच गया। वो नीतीश कुमार जिंदाबाद के नारे लगाने लगे, जिससे पूरा कार्यालय परिसर गूंज उठा। नीतीश कुमार ने कार्यकर्ताओं का अभिवादन स्वीकार किया और कुछ कार्यकर्ताओं से व्यक्तिगत रूप से बातचीत करने के लिए कुछ देर रुके भी। उन्होंने पार्टी पदाधिकारियों से मिलकर पार्टी की चल रही गतिविधियों और आगामी कार्यक्रमों के बारे में जानकारी ली।
नीतीश के इस दौरे से पार्टी कार्यकर्ताओं का मनोबल काफी बढ़ता हुआ दिखाई दिया। पार्टी कार्यकर्ताओं से मुलाकात के बाद नीतीश कुमार जब जदयू कार्यालय से बाहर निकल रहे थे, तो मीडियाकर्मियों ने उन्हें घेर लिया। उनसे बिहार की मौजूदा राजनीतिक स्थिति और कार्यालय में उनके अचानक दौरे के कारणों के बारे में कई सवाल पूछे गए। लेकिन अपनी पुरानी आदत के अनुसार, नीतीश कुमार ने किसी भी सवाल का सीधा जवाब नहीं दिया। उन्होंने बस इतना कहा कि सब काम ठीक से चल रहा है और फिर मुस्कुराते हुए अपनी कार की ओर बढ़ने लगे। इसबीच मीडिया ने जब स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार को लेकर उनसे सवाल पूछा तो उन्होंने बिना जवाब दिए हाथ जोड़कर नमस्कार किया और निकल गए।