मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की अध्यक्षता में आज मंगलवार को हुई कैबिनेट बैठक कुल 41 एजेंडों पर मुहर लगाई गई। इस दौरान वर्ष में नीतीश सरकार ने युवाओं के लिए नौकरी का पिटारा खोल दिया। इसके अलावा रोजगार और बिहार में उद्योग को बढ़ावा देनें वाले अन्य महत्वपूर्ण एजेंडों पर भी निर्णय लिए गए। आज की कैबिनेट बैठक के दौरान कृषि विभाग में विभिन्न पदों पर 694 नए पदों पर बहाली को स्वीकृति दे दी गई। इसमें 534 पद पौध संरक्षक और निरीक्षक के कुल 160 पद शामिल हैं। इसके अलावे डेयरी, मत्स्य और पशु संसाधन विभाग में 200 पदों पर बहाली की भी स्वीकृति प्रदान की गई। इस बैठक में नीतीश सरकार के लगभग सभी मंत्री मौजूद रहे। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार 16 जनवरी से समृद्धि यात्रा पर निकलने वाले हैं और इस यात्रा से पहले आज हुई इस कैबिनेट मीटिंग को बेहद अहम माना जा रहा था।
आज की कैबिनेट बैठक के अन्य फैसलों में 314 करोड़ की लागत से मुंबई में बिहार भवन बनाने को भी मंजूरी दी गई। साथ ही झारखंड के साथ सोन नदी के जल बंटवारे को लेकर एमओयू के लिए भी स्वीकृति मिली। इसमें 7.75 मिलियन एकड़ फीट जल में से 5.75 मिलियन एकड़ फीट बिहार को और 2 मिलियन एकड़ फीट झारखंड को पानी मिलेगा। बैठक में दरभंगा हवाई अड्डा के पास लॉजिस्टिक पार्क एवं कार्गो हब निर्माण के लिए 50 एकड़ भूमि अधिग्रहण हेतु 138 करोड़ 82 लाख 88 हजार रुपए की स्वीकृति भी सरकार ने दी। अन्य फैसलों में बिहार अधिवक्ता कल्याण न्यास समिति को सहायता के लिए एकमुश्त 30 करोड़ रुपए राशि दिए जाने की स्वीकृति के अलावा राज्य के मुख्य न्यायाधीश के साथ संबंध किए जाने वाले चार विधि सहायकों के पद सृजित करने की स्वीकृति दी गई है।
आज की बैठक में सरकार ने भागलपुर राजकीय पॉलिटेक्निक टैक्सटाइल टेक्नोलॉजी में AICTE नई दिल्ली द्वारा स्वीकृत डिप्लोमा स्तरीय 4 पाठ्यक्रम शुरू करने की स्वीकृति भी प्रदान कर दी। कंप्यूटर एडेड कॉस्ट्यूम डिजाइन एंड ड्रेस मेकिंग 60 सीट, फैशन एंड क्लॉथिंग, टेक्नोलॉजी 60 सीट, गारमेंट टेक्नोलॉजी 60 सीट टैक्सटाइल टेक्नोलॉजी 60 सीट, साइंस एंड टेक्नोलॉजी विभाग में 106 पदों की सृजन की स्वीकृति दी गई है। साथ ही राज्य के 13 काराओ में नए सिरे से 9073 सीसीटीवी कैमरा लगाए जाने की स्वीकृति भी नीतीश कैबिनेट ने मंजूर कर दी है। इस पर 155 करोड़ 38 लाख 36 हजार 153 रुपए की राशि खर्च होगी।