बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार आज गुरुवार को नयी दिल्ली जा रहे हैं जहां वे कल शुक्रवार को बतौर राज्यसभा सदस्य शपथ लेंगे। इसबीच आज पटना में भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन ने साफ कहा कि बिहार में नए मुख्यमंत्री के चयन की प्रक्रिया जारी है। एनडीए के सभी दलों के बीच बातचीत चल रही है। कहीं कोई दिक्कत नहीं है। नीतीश कुमार के नेतृत्व में ही सारी चीजें हो रही हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि सभी निर्णय तय प्रक्रिया के अनुसार लिये जा रहे हैं। नितिन नवीन ने NDA गठबंधन को लेकर भी बड़ा बयान दिया और कहा कि गठबंधन के अंदर कहीं कोई मतभेद नहीं है।
सीएम फेस पर नितिन नवीन का संकेत
मीडिया से बातचीत में नितिन नवीन ने यह भी स्पष्ट किया कि बिहार में सत्ता परिवर्तन कब होगा और भाजपा कब अपना मुख्यमंत्री बनाएगी? उन्होंने कहा कि तारीख की जानकारी जल्द दी जाएगी। इसके साथ ही उन्होंने इशारों में अगले मुख्यमंत्री के नाम का भी संकेत दे दिया। मुख्यमंत्री चेहरे पर नितिन नवीन ने किसी नाम का सीधा दावा तो नहीं किया, लेकिन कहा कि सभी चीजें समय के अनुसार तय होंगी। जो भी निर्णय होगा वह नीतीश कुमार के नेतृत्व में तय दिशा के अनुसार ही होगा। ऐसे में साफ संकेत मिलता है कि NDA में बदलाव बिना नीतीश कुमार की सहमति के नहीं होगा। सूत्रों के अनुसार अगला सीएम चेहरा सम्राट चौधरी हो सकते हैं और यह लगभग तय माना जा रहा है।हालांकि, इसका आधिकारिक रूप से औपचारिक ऐलान अभी बाकी है।
नीतीश कुमार का राज्यसभा कार्यक्रम
नितिन नवीन ने बताया कि नीतीश कुमार 10 अप्रैल को राज्यसभा सदस्य के रूप में शपथ लेंगे। इसके बाद जो भी राजनीतिक प्रक्रिया होगी वह उसी के अनुसार आगे बढ़ेगी। उन्होंने पूरे घटनाक्रम को सामान्य राजनीतिक प्रक्रिया बताया और कहा कि इसमें किसी तरह की असहजता या टकराव की स्थिति नहीं है। भाजपा अध्यक्ष ने जोर देकर कहा कि NDA में सभी दल गठबंधन धर्म का पूरी ईमानदारी से पालन कर रहे हैं। भाजपा हमेशा सहयोगी दलों के साथ सम्मानजनक संबंध बनाए रखती रही है। यही वजह है कि आज भी NDA के सभी दलों का भरोसा भाजपा पर कायम है। गठबंधन की मजबूती ही इसकी सबसे बड़ी ताकत है।
विजय चौधरी ने भी कर दिया क्लियर
उधर इसी प्रकार की बातें जेडीयू के वरिष्ठ नेता और बिहार सरकार में मंत्री विजय कुमार चौधरी ने भी कही हैं। नीतीश के करीबी विजय चौधरी ने साफ-साफ कहा है कि बिहार में नई सरकार का नेतृत्व बीजेपी के पास होगा। विजय चौधरी ने काफी स्पष्ट शब्दों में कहा कि राज्य में बीजेपी बड़ी पार्टी है। इसलिए अब आगे नेतृत्व उसी को करना है। उन्होंने कहा कि निर्णय भी बीजेपी ही लेगी और जेडीयू एनडीए के साथ मजबूती से खड़ी है। बहरहाल, नितिन नवीन और विजय चौधरी के बयानों के बाद अब सभी की नजरें अब 10 अप्रैल के घटनाक्रम पर हैं। नीतीश कुमार राज्यसभा की शपथ लेने के बाद पटना लौटेंगे। उसके बाद NDA की बैठक में अगले मुख्यमंत्री और सरकार के गठन पर फैसला होगा।