पटना : मोकामा से जेडीयू के बाहुबली विधायक अनंत सिंह ने बिहार की सियासत में एक बड़ा बयान देकर हलचल मचा दी है। मीडिया से बात करते हुए उन्होंने दावा किया है कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार जल्द ही अपने पद से इस्तीफा देकर राज्यसभा जाएंगे, कोई नया और बढ़िया चेहरा सीएम की कुर्सी को संभालेगा ताकि बिहार में विकास की गाडी और तेजी से दौड़ सके। उन्होंने सीएम के लिए नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार और सम्राट चौधरी का नाम लिया।
उन्होंने बताया कि विधान परिषद से इस्तीफा देने से पहले जब वे नीतीश कुमार से मिले थे, तभी उन्हें आभास हो गया था कि वे दिल्ली जाने का मन बना चुके हैं। नीतीश कुमार मालिक हैं, जो चाहेंगे वही होगा। उन्होंने बताया कि खरमास (14 अप्रैल) के बाद नीतीश कुमार सीएम की कुर्सी छोड़ देंगे। अगले सीम के लिए अनंत सिंह ने अपनी पसंद साफ कर दी है। उन्होंने नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार की काबिलियत की तारीफ करते हुए कहा कि अगर जेडीयू का मुख्यमंत्री बनता है, तो निशांत कुमार को यह जिम्मेदारी मिलनी चाहिए। उन्होंने विकल्प के तौर पर उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी का भी नाम लिया।
वहीं, उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि आरजेडी (RJD) का भविष्य पूरी तरह से खत्म हो चुका है, तेजस्वी यादव को अगले चुनाव में दूसरी पार्टी से टिकट मांगना पड़ेगा। मीडिया के सामने ही उन्होंने अपने बारे में घोषणा करते हुए कहा कि अब हम चुनाव नहीं लड़ेंगे, मेरा बेटा चुनाव लड़ेगा। इसके बाद छोटे बेटे अभिनव ने मीडिया के सवाल पर फिलहाल राजनीति में आने की बात पर सस्पेंस बरकरार रखते हुए कहा कि वे अभी पढ़ाई कर रहे हैं और भविष्य का फैसला समय आने पर लेंगे।