बिहार में 16 मार्च को होने वाले राज्यसभा चुनाव के लिए एनडीए और महागठबंधन ने एकदूसरे को मात देने की अंतिम रणनीति पर मुहर लगा दी है। बीती रात एनडीए की चुनावी रणनीति के तहत इस गठबंधन के सभी विधायकों की एक अहम बैठक बिहार के डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी के आवास पर हुई। इस बैठक में राज्यसभा की पांचवीं सीट जीतने की रणनीति को अंतिम रूप दिया गया। इसमें यह तय हुआ कि बिहार से राज्यसभा के चुनाव में NDA गठबंधन का एक—एक विधायक किस—किस कैंडिडेट को अपना—अपना वोट देगा। यानी एनडीए अपने कुल 202 विधायकों को मतदान से एक रात पहले यह बताएगा कि किस कैंडिडेट को कौन-कौन से विधायक वोट देंगे। इस चुनाव में जीत के लिए राज्यसभा के एक कैंडिडेट को 41 वोट चाहिए। बिहार में राज्यसभा की 5 सीटों के लिए चुनाव हो रहा है। इसमें से 4 सीटों पर तो जीत पक्की है, लेकिन 5वीं सीट के लिए एनडीए को 3 अतिरिक्त वोटों की जरुरत होगी। ऐसे में NDA अपने एक—एक विधायक के वोट को चतुराई से उपयोग करना चाह रहा, ताकि मतदान के समय कोई तकनीकी ग्लिच और कन्फ्यूजन न रहे।
जानकारी के अनुसार कल गुरुवार की देर रात डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी के घर NDA गठबंधन के सभी विधायकों की बैठक में राज्यसभा की पांचवीं सीट जीतने की रणनीति को अंतिम रूप दिया गया। इस बैठक में एनडीए के 5 दलों के सभी 202 विधायक शामिल हुए। इसमें एनडीए के 5 कैंडिडेट के लिए वोट डालने वाले अलग-अलग विधायकों के समूह का चयन हुआ। राज्यसभा सीटों के चुनाव में जीतने के लिए एक कैंडिडेट को कम से कम 41 वोट चाहिए। बैठक में 41-41 विधायकों के 4 ग्रुप बनाए गए। इसके साथ ही बचे हुए 38 एमएलए को 5वें कैंडिडेट को वोट डालने को कहा गया है। एनडीए की ओर से बीजेपी ने राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और शिवेश राम को अपना प्रत्याशी बनाया है। जबकि जदयू ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और केंद्रीय मंत्री रामनाथ ठाकुर को अपना प्रत्याशी बनाया है। जबकि 5वीं सीट के लिए राष्ट्रीय लोक मोर्चा (आरएलएम) ने पार्टी अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा को उम्मीदवार बनाया है।
इधर, महागठबंधन प्रत्याशी के भी चुनाव मैदान में आने के बाद चुनाव रोचक हो गया है। पांच सीटों पर छह प्रत्याशी चुनाव मैदान में है। 5वीं सीट के लिए ‘टाइट’ सियासी हालात को देखते हुए एनडीए गठबंधन ने अपने विधायकों के साथ चुनाव को लेकर अपनी रणनीति को अंतिम रूप दे दिया। मालूम हो कि बीजेपी ने बिहार में हो रहे राज्यसभा चुनाव के लिए केंद्रीय मंत्री हर्ष मल्होत्रा और छत्तीसगढ़ के डिप्टी सीएम विजय शर्मा को पर्यवेक्षक बनाकर भेजा है, जो कि बुधवार से ही पटना में कैंप कर रहे हैं। सम्राट चौधरी की कल रात ही इन दोनों से मुलाकात हुई थी। इस मुलाकात के समय बिहार बीजेपी के पूर्व अध्यक्ष दिलीप जायसवाल और संगठन महासचिव भीखूभाई दलसानिया भी मौजूद थे।