बिहार में NDA की सुनामी ने सबको चौंका दिया है। आज सुबह से ही शुरू हुई मतों की गिनती में जनता ने एकबार फिर मोदी—नीतीश की जोड़ी के नाम पर डंका बजा दिया। करीब—करीब सभी सीटों पर लगातार एनडीए के प्रत्याशी आगे बढ़ते गए। दोपहर तक मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में NDA बहुमत के आंकड़े को आसानी से पार कर दो तिहाई से भी अधिक सीटों पर बढ़त बनाए हुए है। जहां JD(U) अकेले 76 सीटों पर आगे चल रही है वहीं BJP के 86 तो चिराग पासवान की LJP(RV) 22 और जीतन राम मांझी की HAM के 4 प्रत्याशी बढ़त के साथ जीत की ओर अग्रसर हैं। कुल मिलाकर NDA 200+ सीटों पर लीड कर रही है, जो 122 के बहुमत से कहीं ज्यादा है। इस तरह नतीजों और रुझानों को मिलाकर देखा जाए तो बिहार में बतौर सीएम नीतीश का पांचवां कार्यकाल लगभग तय माना जा रहा है।
बिहार मे 10वीं बार नीतीश कुमार
दूसरी ओर महागठबंधन की उम्मीदें मतगणना शुरू होने के साथ ही धूल चाटने लगीं। तेजस्वी यादव की RJD सबसे बड़ी पार्टी बनकर भी सिर्फ 34 सीटों पर सिमटती दिख रही है। जबकि कांग्रेस महज 4 पर मामूली बढ़त से आगे है। दोपहर तक महागठबंधन करीब 50 सीटों पर सिमटता दिख रहा है। शुरुआती ट्रेंड्स में RJD की हल्की बढ़त दिखी लेकिन समय बीतने के साथ वह भी NDA की लहर में बह गई। प्रशांत किशोर की जनसुराज को भी निराशाा हाथ लगी और उसका कोई भी प्रत्याशी रेस में नहीं दिख रहा। यहां तक कि ओवैसी की AIMIM जैसी पार्टियां भी लगभग गायब नजर आ रही हैं।
प्रदेश की हॉटसीटों पर क्या हाल
बिहार की हॉटसीट की बात करें तो लालू—राबड़ी के दोनों पुत्र अपनी—अपनी सीटों पर संकट में दिख रहे। जहां महुआ में तेजप्रताप चौथे नंबर पर हैं, वहीं राघोपुर में तेजस्वी मामलू बढ़त से भाजपा प्रत्याशी से आगे हैं। तेजस्वी राघोपुर में कांटे की लड़ाई में फंसे हुए हैं और वे कभी आगे तो कभी पीछे हो रहे हैं। इसी तरह छपरा से राजद टिकट पर चुनाव लड़ रहे भोजपुरी एक्टर खेसारी यादव लगातार भाजपा कैंडिडेट से पीछे चल रहे हैं। लेकिन दरभंगा की अलीनगर सीट से मशहूर लोक गायिका और बीजेपी कैंडिडेट मैथिली ठाकुर बड़ी बढ़त के साथ जीतती दिख रही हैं। सीमांचल की सभी 22 सीटों पर एनडीए इसबार कब्जा जमाती दिख रही है। यही हाल मगध, नवादा और रोहतास में भी दिख रहा है।