नवादा के गोविंदपुर में एक स्कूली वैन पलटने से 10 साल की छात्रा आरोही कुमारी की मौत हो गई जबकि वैन में सवार करीब 25 अन्य बच्चे घायल हो गए। घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने ड्राइवर पर शराब पीकर गाड़ी चलाने का आरोप लगाते हुए उसकी जमका पिटाई कर दी। पुलिस ने ड्राइवर को गिरफ्तार कर लिया है। यह हादसा गोविंदपुर प्रखंड के कमलापुर रोड पर हुई। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार वाहन सड़क से करीब 20 फीट नीचे जाकर चार बार पलटा। हादसे के वक्त गांव के लोग जो पास में ही खेत में लगी गेहूं की फसल काट रहे थे, तुरंत मौके पर पहुंचे और बच्चों को वाहन से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया।
मृतक बच्ची की पहचान आरोही कुमारी के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। मृतक बच्ची गोविंदपुर बाजार के ही रहने वाले अमित कुमार की 8 वर्ष से पुत्री आरोही कुमारी बताई जाती है। अधिकतर बच्चे स्कूल के पिकअप वाहन के पलटी मारने से जख्मी हुए। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया है कि यह वाहन एक स्कूल का था और इसमें क्षमता से अधिक बच्चे सवार थे। उनका यह भी कहना है कि वाहन तेज रफ्तार में चल रहा था। लोगों ने हादसे के बाद सूचना देने के लिए स्कूल संचालक से फोन पर संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन किसी ने फोन नहीं उठाया। इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में स्कूल प्रशासन के प्रति भारी आक्रोश व्याप्त है। चश्मदीदों ने बताया कि वैन का ड्राइवर नशे में था और वह काफी तेज रफ्तार से वाहन को चला रहा था। नशे में होने के कारण अचानक उसका संतुलन बिगड़ा और वैन सड़क से कई फीट नीचे खेत में पलटती चली गई।