नवादा : एनडीए काफी मजबूती के साथ डंटकर आगामी बिहार विधानसभा का चुनाव लड़ेगी और बिहार के सभी सीटों पर विजय प्राप्त करेगी। लालू और राबड़ी देवी के जंगल राज को याद दिलाते हुए उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि बिहार के समझदार जनता कभी भी दुबारा जंगल राज की वापसी नहीं चाहेगी।
उक्त बातें सोमवार को नवादा पहुंचे सूबे के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने हिसुआ के पूर्व विधायक अनिल सिंह के आवास पर प्रेसवार्ता के दौरान कही। पटना से सड़क मार्ग से हिसुआ पहुंचे उप मुख्यमंत्री स्थानीय भाजपा और एनडीए कार्यकर्त्ताओं ने उनका भव्य स्वागत किया। उप मुख्यमंत्री का कार्यक्रम जिले के नरहट प्रखंड के खनवां तथा सिरदला प्रखंड स्थित लौंद बाजार में था।
इस दौरान उप मुख्यमंत्री श्री चौधरी ने हिसुआ के पूर्व विधायक के आवास पर पत्रकारों को सम्बोधित करते हुए कहा कि लालू राज में जहां घोटाला और अपहरण खुले आम होता था वहीं अब देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तथा मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की अगुवाई में डबल इंजन की सरकार बिहार में विकास कि गंगा बहाने में जुटी है। उन्होंने नवादा में मेडिकल कॉलेज और खनवां गांव में कैंसर अस्पताल के निर्माण की चर्चा करते हुए कहा कि यह जिले के विकास में मील का पत्थर साबित होगा।
पार्टी संगठन में विरोध और गुटबाजी को लेकर उन्होंने कहा कि भाजपा देश ही नहीं पुरे विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी है, जहां आपस में मील बैठकर सभी समस्याओं का निराकरण किया जाता है। पार्टी कार्यकर्त्ताओं के बीच आपस में कुछ विरोधाभास है, जिसे जल्द ही सुलझा लिया जायेगा। हिसुआ बाजार में जाम की समस्या और हिसुआ अस्पताल की बदहाली पर उन्होंने कुछ नहीं कहा।
इस दौरान दूसरे दलों से आए दर्जनों नेताओं को उन्होंने पार्टी की सदस्यता दिलायी और पार्टी का भगवा गमछा देकर सम्मानित किया। मौके पर वारिसलीगंज के विधायक अरूणा देवी, पूर्व विधायक अनिल सिंह, पूर्व विधायक कन्हैया रजवार, भाजपा जिलाध्यक्ष अनिल मेहता, जदयू जिलाध्यक्ष मुकेश कुमार विद्यार्थी, जिला पार्षद बसंती देवी, हिसुआ व्यापार मंडल अध्यक्ष लक्ष्मीकांत उर्फ बिगन सिंह, चंदन कुमार, मनीष कुमार, मुरारी सिंह, पवन कुमार गुप्ता, नगर मंडल अध्यक्ष जीतेन्द्र कुमार तथा मंडल अध्यक्ष सुनील कुमार, मस्तानगंज के अरुण कुमार विश्वकर्मा सहित सैकड़ों की संख्या में एनडीए कार्यकर्त्ता मौजूद थे।
भईया जी की रिपोर्ट