नवादा। जिले के नेमदारगंज थाना क्षेत्र के अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग-20 (NH-20) पर आज (सोमवार) की सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया। पंचगावां ओवरब्रिज पर पहले से खराब खड़े एक ट्रेलर में पीछे से आ रहे तेज रफ्तार दूसरे ट्रेलर ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयानक थी कि पीछे वाले ट्रेलर के परखच्चे उड़ गए और उसके चालक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। इस घटना के बाद हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई और काफी देर तक यातायात बाधित रहा।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, रजौली की ओर जाने वाला एक ट्रेलर पिछले दो दिनों से तकनीकी खराबी के कारण पंचगावां ओवरब्रिज पर खड़ा था। सोमवार सुबह पीछे से आ रहे एक अन्य तेज रफ्तार ट्रेलर के चालक को संभवतः खड़ा वाहन समय रहते दिखाई नहीं दिया, जिसके कारण वह सीधे उसमें पीछे से जा भिड़ा। टक्कर की आवाज इतनी जोरदार थी कि आसपास के लोग सहम गए। दुर्घटना में पीछे वाले ट्रेलर का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक केबिन के भीतर ही बुरी तरह फंस गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे के बाद जुटी भीड़ और पुलिस की मदद से शव को केबिन से बाहर निकाला गया। मृतक की पहचान नालंदा जिले के राजगीर थाना क्षेत्र अंतर्गत तेतरबीघा गांव निवासी स्वर्गीय केदार यादव के पुत्र पप्पू कुमार यादव के रूप में हुई है। मृतक के साथ मौजूद खलासी (हेल्पर) ने रोते हुए उसकी पहचान की पुष्टि की। पप्पू कुमार यादव उस ट्रेलर को चला रहे थे। घटना की जानकारी के बाद दलबल के साथ मौके पर पहुंची नेमदारगंज थाना पुलिस ने तुरंत शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए नवादा सदर अस्पताल भेज दिया है।
हादसे की वजह से ओवरब्रिज पर गाड़ियों की लंबी कतार लग गई थी, जिसे पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को क्रेन की मदद से हटवाकर कड़ी मशक्कत के बाद सामान्य कराया। थानाध्यक्ष रंजीत कुमार ने बताया कि इस दुर्घटना में चालक पप्पू कुमार की मौत हो गई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया है। और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को जब्त कर मामले की वैधानिक जांच की जा रही है।
भईया जी की रिपोर्ट