नवादा : जिले के कृष्णा प्रसाद खेल मैदान (मिर्जापुर) में 24 और 25 अक्टूबर को जिला स्तरीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता का आयोजन किया जायेगा। इसके माध्यम से अंडर-14 और अंडर-16 आयु वर्ग के प्रतिभावान खिलाड़ियों का चयन 20 वीं नेशनल इंटर डिस्ट्रिक्ट जूनियर एथलेटिक्स मीट के लिए किया जायेगा। चयनित खिलाड़ी 14 से 16 नवंबर तक हैदराबाद स्थित वॉक्सेन विश्वविद्यालय में आयोजित राष्ट्रीय प्रतियोगिता में जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे।
जिला एथलेटिक्स संघ के सचिव विक्रम कुमार ने बताया कि प्रतियोगिता में अंडर-14 और अंडर-16 आयु वर्ग के बालक-बालिकाएं हिस्सा लेंगे। अंडर-14 वर्ग में 60 मीटर और 600 मीटर दौड़, लंबी कूद, ऊंची कूद, मेडिसिन बॉल थ्रो और किड्स जैवलिन थ्रो जैसी स्पर्धाएं आयोजित होंगी। वहीं, अंडर-16 आयु वर्ग में 60 मीटर और 600 मीटर दौड़, 80 मीटर बाधा दौड़, ऊंची कूद, लंबी कूद, शॉटपुट, जैवलिन थ्रो और पेंटाथलॉन की स्पर्धाएं होंगी।
शारीरिक शिक्षक संतोष कुमार वर्मा ने बताया कि प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी खिलाड़ियों का एथलेटिक्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (एएफआइ) की वेबसाइट पर ऑनलाइन पंजीकरण अनिवार्य है। ऑनलाइन प्रविष्टि की प्रक्रिया 15 से 30 अक्टूबर तक चलेगी। प्रत्येक खिलाड़ी को अपनी आयु और पते से संबंधित प्रमाणपत्र जमा कर एएफआइ यूआइडी प्राप्त करना होगा।
प्रतियोगिता के माध्यम से राष्ट्रीय स्तर की मीट के लिए खिलाड़ियों का चयन किया जायेगा। अंडर-14 आयु वर्ग में प्रत्येक जिले से अधिकतम चार खिलाड़ियों को राष्ट्रीय प्रतियोगिता में भेजने का प्रावधान है। चयनित खिलाड़ियों को हैदराबाद में आयोजित प्रतियोगिता में अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा।
भईया जी की रिपोर्ट