नवादा : पटना शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से एमएलसी उम्मीदवार डॉ. दिव्या ज्योति ने जिला जनसुराज पार्टी कार्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर शिक्षक निर्वाचन को लेकर अपनी बातें रखी। उन्होंने शिक्षकों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की और जीतने पर शिक्षकों के हित में किए जाने वाले कार्यों का रोडमैप पत्रकारों के सामने प्रस्तुत किया।

प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए डॉ. दिव्या ज्योति ने कहा कि शिक्षक समाज के निर्माता हैं, लेकिन आज उनकी समस्याओं को सुनने वाला कोई नहीं है। उन्होंने कहा कि शिक्षकों की पुरानी पेंशन योजना, वेतन विसंगति, स्थानांतरण नीति, संविदा शिक्षकों का नियमितीकरण और महिला शिक्षकों की सुरक्षा जैसे मुद्दे उनकी प्राथमिकता में होंगे।
उन्होंने कहा, “मैं खुद एक शिक्षाविद परिवार से आती हूं और शिक्षकों का दर्द समझती हूं। विधान परिषद में शिक्षकों की आवाज बनकर उनके हक की लड़ाई लड़ूंगी।” डॉ. ज्योति ने वर्तमान व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि बिना विकास और मुद्दों के चुनाव लड़ा जा रहा है, जबकि शिक्षक निर्वाचन ज्ञान और नीति पर आधारित होना चाहिए। उन्होंने प्रलोभन की राजनीति से दूर रहकर मुद्दों पर वोट देने की अपील शिक्षक मतदाताओं से की।
उन्होंने अपने विजन में शिक्षकों के लिए आवास सुविधा, चिकित्सा सुविधा, बच्चों की शिक्षा में छूट और सेवानिवृत्ति के बाद सम्मानजनक जीवन सुनिश्चित करने की बात कही। साथ ही उन्होंने कहा कि शिक्षण संस्थानों में बुनियादी सुविधाओं को बेहतर करने के लिए वह सदन में मजबूती से आवाज उठाएंगी।

पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए उन्होंने कहा कि उनका चुनाव संघर्ष मुद्दों का चुनाव है, न कि धनबल का। उन्होंने दावा किया कि शिक्षक मतदाताओं का उन्हें व्यापक समर्थन मिल रहा है। मौके पर जनसुराज जिलाध्यक्ष त्रिवेणी सिंह, पूर्व हिसुआ विधानसभा प्रत्याशी वर्मा जी एवं उनके समर्थक महताब आलम ,अजय कुमार ,रौशन कुमार और स्थानीय शिक्षक प्रतिनिधि मौजूद रहे।
भईया जी की रिपोर्ट

