नवादा : जिले के नारदीगंज थाना क्षेत्र के पड़रिया गांव निवासी स्नेहा देवी ने अपने पति नितीश कुमार को झूठे मामले में फंसाने और मुख्य आरोपी को थाने से छोड़ दिए जाने का आरोप लगाते हुए पुलिस अधीक्षक को शिकायत दी है। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है। एसपी को दिए आवेदन में स्नेहा देवी ने बताया कि 14 अगस्त 2026 की शाम करीब 7 बजे पड़रिया निवासी अनुराग कुमार उर्फ सीताराम उनके घर आया और उनके पति नितीश कुमार को जन्मदिन की पार्टी में चलने की बात कहकर अपने साथ ले गया।
आरोप है कि 15 अगस्त को अनुराग कुमार उर्फ सीताराम चांदी के जेवर लेकर उनके घर आया और जेवर बेचने की बात कही। इसके बाद वह उनके पति को नारदीगंज बाजार ले गया। बाजार में टिंकू चंद्रवंशी नामक व्यक्ति ने उनके पति का मोबाइल फोन छीन लिया। शिकायत में कहा गया है कि इसके बाद उनके पति को इस मामले में आरोपी बना दिया गया। 26 अगस्त 2026 को पुलिस ने नितीश कुमार, अभय कुमार उर्फ बिहारी पांडेय, अनुराग कुमार उर्फ सीताराम और जेवर दुकानदार अरुण कुमार वर्मा को गिरफ्तार किया।
स्नेहा देवी का आरोप है कि गिरफ्तारी के कुछ घंटे बाद ही मुख्य आरोपी अनुराग कुमार उर्फ सीताराम को थाने से छोड़ दिया गया। उनका दावा है कि इस घटना की पुष्टि थाने में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज से हो सकती है। आवेदन में बताया गया है कि 28 अगस्त को जब वह जेल में अपने पति से मिलने गईं, तो नितीश कुमार ने बताया कि अनुराग ने उसे फंसा दिया है। नितीश के अनुसार थाने में किसी व्यक्ति ने फोन पर थानाध्यक्ष से बात की और करीब एक घंटे के भीतर अनुराग को छोड़ दिया गया।
स्नेहा देवी ने आरोप लगाया कि थाने से छूटने के बाद अनुराग और उसकी पत्नी ने अपना मोबाइल बंद कर लिया और वह बैग लेकर चला गया। उन्होंने पुलिस अधीक्षक से मांग की है कि अनुराग कुमार उर्फ सीताराम और टिंकू चंद्रवंशी की भूमिका की जांच कर कानूनी कार्रवाई की जाए, साथ ही मुख्य आरोपी को थाने से छोड़ने के मामले में संबंधित और थानाध्यक्ष की भूमिका की भी जांच हो।
भईया जी की रिपोर्ट