नवादा : आपातकालीन सेवाओं को बेहतर और त्वरित बनाने के लिए बिहार सरकार की नई पहल के तहत जिला अग्निशमन विभाग को डायल 112 सेवा से जोड़ा गया है। अब जिले के किसी भी हिस्से से आग लगने या अग्निशमन सेवा की जरूरत होने पर 112 पर कॉल करने पर सूचना सीधे जिला अग्निशमन विभाग के नियंत्रण कक्ष तक पहुंचेगी। इसके बाद विभाग की टीम तत्काल आवश्यक कार्रवाई करेगी।

विभागीय जानकारी के अनुसार, पहले अग्निशमन विभाग की आपातकालीन सेवा के लिए 101 सहित विभाग की ओर से जारी अन्य नंबरों पर कॉल की जाती थी। अब 112 सेवा के माध्यम से भी अग्निशमन विभाग तक सीधे सूचना पहुंच सकेगी। खास बात यह है कि कॉल करने वाले व्यक्ति की लोकेशन भी विभाग के नियंत्रण कक्ष को उपलब्ध होगी।
आग लगने की सूचना मिलने के बाद जिस स्थान पर दमकल की गाड़ी और अग्निशमन कर्मियों को भेजा जाएगा, वहां तक पहुंचने के लिए उन्हें घटनास्थल का लोकेशन और रूट की जानकारी उपलब्ध होगी। इससे टीम को सही स्थान तक पहुंचने में सहूलियत होगी और आपातकालीन स्थिति में समय की बचत की जा सकेगी।
आपातकालीन सेवा के लिए डायल 112 का जिला नियंत्रण कक्ष जिला अग्निशमन विभाग में स्थापित किया गया है। विभाग की ओर से पूरे जिले से आने वाली 112 कॉल को रिसीव करने के लिए आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गयी हैं। नियंत्रण कक्ष के शुरू होने के बाद आग लगने की घटनाओं में सूचना मिलने से लेकर दमकल टीम को रवाना करने तक की प्रक्रिया को अधिक व्यवस्थित बनाने का प्रयास किया गया है।

अग्निशमन विभाग की ओर से आपातकालीन सेवा के लिए 101 और अन्य विभागीय नंबर भी जारी किये गये हैं। विभाग के अनुसार 06324-212586, 7485805890, 101 और 112 पर कॉल कर अग्निशमन सेवा की सूचना दी जा सकती है। इसके अलावा विभाग की ओर से जारी अन्य मोबाइल नंबरों के माध्यम से भी जरूरत पड़ने पर संपर्क किया जा सकता है।
भईया जी की रिपोर्ट

