नवादा : जिले के पकरीबरावां थाना क्षेत्र के जिलवारिया गांव के समीप कोड़ीहरी नहर से पानी ले जाने को लेकर नवादा और शेखपुरा जिलों के ग्रामीणों के बीच उत्पन्न विवाद को लेकर थाना परिसर में शांति समिति की बैठक हुई। डीएम रवि प्रकाश के निर्देश पर हुई बैठक की अध्यक्षता पकरीबरावां अंचल अधिकारी निहारिका ने की। बैठक में जिले के पिंडपड़वा, जिलवारिया, तनपुरा सहित शेखपुरा जिले के वर्षा, ओरानी, बौरनी, बौरनार समेत आसपास के कई गांवों के ग्रामीण शामिल हुए। इसके अलावा लघु जल संसाधन विभाग के कार्यपालक अभियंता, पकरीबरावां थानाध्यक्ष रंजन चौधरी समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

बैठक के दौरान दोनों जिलों से पहुंचे ग्रामीणों ने नहर से पानी ले जाने एवं पानी के कटाव को लेकर अपनी-अपनी बातें रखीं। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच काफी देर तक बहस और तकरार की स्थिति बनी रही। ग्रामीण अपने-अपने क्षेत्र में नहर के पानी की उपलब्धता एवं उसके उपयोग को लेकर अपना पक्ष रखते नजर आये। स्थिति को देखते हुए पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने दोनों पक्षों को समझाने का हरसंभव प्रयास किया। अधिकारियों ने कहा कि आपसी विवाद से समस्या का समाधान नहीं होगा। नहर के पानी को लेकर उत्पन्न मामले का समाधान प्रशासनिक स्तर पर कराया जायेगा।
थानाध्यक्ष रंजन चौधरी ने दोनों पक्षों को कड़ी हिदायत देते हुए कहा कि सभी लोग शांति एवं विधि-व्यवस्था बनाए रखें। किसी भी प्रकार की विवादित स्थिति उत्पन्न करने या कानून-व्यवस्था बिगाड़ने का प्रयास नह किया जाए। उन्होंने कहा कि पूरे मामले की जानकारी जिला पदाधिकारी को दी जायेगी। जिला पदाधिकारी के निर्देशन में जो भी आदेश प्राप्त होगा, उसका अक्षरशः अनुपालन कराया जायेगा।
उन्होंने दोनों पक्षों से प्रशासन के निर्णय तक संयम बनाए रखने की अपील की। बैठक में अधिकारियों ने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि मामले को गंभीरता से लिया जा रहा है और संबंधित विभाग एवं प्रशासनिक अधिकारियों के स्तर से आवश्यक कार्रवाई की जायेगी। अधिकारियों की अपील के बाद बैठक समाप्त की गयी। बैठक में दोनों जिलों से बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।

भईया जी की रिपोर्ट
