नवादा : जिले में लगातार तीन दिनों से हो रही भारी बारिश ने रजौली नगर पंचायत के वार्ड नंबर-2 दुफेड़ा में दो परिवारों की गृहस्थी उजाड़ दी। स्वर्गीय विजय मांझी की पत्नी बसंती देवी और सरजू मांझी की पत्नी आरती देवी का मिट्टी का घर भरभराकर ध्वस्त हो गया।गनीमत रही कि हादसे के समय परिवार के सभी सदस्य सुरक्षित बाहर थे, जिससे बड़ा हादसा टल गया। हालांकि घर में रखा अनाज, कपड़ा, बर्तन समेत कई जरूरी घरेलू सामान मलबे में दबकर बर्बाद हो गया।
बारिश के बीच अचानक धराशायी हुआ घर
स्थानीय लोगों ने बताया कि लगातार बारिश से सरयू मांझी और बसंती देवी का मिट्टी का घर पहले से ही जर्जर हो चुका था। तीन दिनों तक लगातार पानी सोखने के कारण दीवारें कमजोर पड़ गई थीं। बारिश का दबाव नहीं झेल पाने के कारण घर की एक दीवार अचानक भरभराकर गिर गई।
पीड़ित बोले:- पूरी गृहस्थी बर्बाद हो गई
पीड़ित बसंती देवी और आरती देवी ने रोते हुए बताया कि घर गिरने से उनकी पूरी गृहस्थी बर्बाद हो गई। अब उनके पास न तो सर छुपाने के लिए छत बची और न ही खाने-पीने का सामान। दोनों परिवार फिलहाल खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर हैं। उन्होंने प्रशासन से आपदा राहत के तहत तत्काल आर्थिक सहायता और रहने की वैकल्पिक व्यवस्था उपलब्ध कराने की मांग की है।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय जनप्रतिनिधि सुखदेव मांझी मौके पर पहुंचे और पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने नगर पंचायत के अधिकारियों से बात कर तत्काल राहत पहुंचाने और सरकारी मुआवजा व आवास योजना का लाभ दिलाने का आश्वासन दिया।
जर्जर मिट्टी के घरों में रह रहे परिवारों की बढ़ी चिंता
घटना के बाद क्षेत्र के अन्य कच्चे और जर्जर मिट्टी के घरों में रह रहे परिवारों में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि लगातार बारिश से कई घरों की दीवारें कमजोर हो गई हैं, कभी भी अनहोनी हो सकती है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि क्षेत्र के ऐसे जर्जर घरों का सर्वे कराकर जरूरतमंद परिवारों को प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिया जाए और बरसात के मौसम में उन्हें सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया जाए।
कहते हैं अधिकारी
इस संबंध में नगर पंचायत के प्रभारी कार्यपालक पदाधिकारी आतिश रंजन ने बताया कि पहले और दूसरे फेज में आवास लाभुकों को पेमेंट किया जा चुका है। वहीं तीसरे फेज को लेकर कागजी कार्रवाई कर विभाग को रिपोर्ट किया गया है। विभाग से आवंटन के बाद शेष लाभुकों को आवास हेतु राशि उनके खाते में उपलब्ध करा दी जाएगी।
भईया जी की रिपोर्ट
