नवादा : जिले के हसुआ की चर्चित प्रणव भारती उर्फ पियूष हत्याकांड के बाद माहौल बिगाड़ने वाले लोगों के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है। हसुआ अंचलाधिकारी परमजीत सिरमौर के आवेदन पर भारतीय न्याय संहिता की सुसंगत धाराओं के तहत विभिन्न लोगों के खिलाफ मामले दर्ज किये गये हैं।

घटना के दिन सड़क जाम कर उपद्रव करने वाले दर्जनों लोगों के खिलाफ पुलिस ने मामला दर्ज किया है। इसके अलावा ऐसे लोगों को भी कार्रवाई के दायरे में लाया गया है, जिन पर तीखी या भड़काऊ बयानबाजी के जरिये माहौल खराब करने का आरोप है। मिली जानकारी के अनुसार, विश्वशांति चौक पर उपद्रव करने वाले लोगों के अलावा भूमिहार ब्राह्मण बैठकी के आयोजकों पर भी कार्रवाई की गयी है। इंटर विद्यालय में सभा करने, जुलूस निकालने और बिना अनुमति कैंडल मार्च निकालने वालों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज किया गया है।
हसुआ में दोनों पक्षों की ओर से सोशल मीडिया पर पोस्ट, काउंटर पोस्ट और तरह-तरह की बयानबाजी के बाद पुलिस-प्रशासन की चिंता बढ़ गयी है। प्रशासन का कहना है कि सोशल मीडिया के माध्यम से भड़काऊ बयानबाजी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जायेगी। सदर एसडीओ अमित अनुराग ने बताया कि सोशल मीडिया पर भड़काऊ बयानबाजी को लेकर सख्त कार्रवाई की जायेगी। उन्होंने बताया कि हसुआ में निषेधाज्ञा लागू करने पर विचार किया जा रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि पुलिस और प्रशासन ने शुरुआती दौर में ही सख्ती बरती होती, तो स्थिति इतनी नहीं बिगड़ती। लोगों ने प्रशासन से सोशल मीडिया पर चल रही बयानबाजी और दोनों पक्षों के बीच बढ़ रहे तनाव पर प्रभावी नियंत्रण की मांग की है। पुलिस-प्रशासन की ओर से अब दर्ज मामलों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है। इससे हसुआ में घटना के बाद माहौल बिगाड़ने वालों पर शिकंजा कसने की प्रक्रिया तेज होने की उम्मीद है।

भईया जी की रिपोर्ट
