नवादा : जिले के वारिसलीगंज थाना क्षेत्र हाजीपुर पंचायत की मय टोला गंगटी आहर में दुखद हादसा हुआ। आहर में स्नान करने के दौरान गहरे पानी में चले जाने से 18 वर्षीय होनहार छात्र की डूबने से मौत हो गई।आहर से बाहर निकालकर जब तक उसे अस्पताल पहुंचाया जाता, तब तक उसकी सांसें थम चुकी थीं। इस असमय वज्रपात से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
मृतक की पहचान वारिसलीगंज थाना क्षेत्र के मय गांव निवासी सुबोध सिंह के 18 वर्षीय पुत्र रामलला के रूप में की गई है। परिजनों के अनुसार, रामलला अपने दो भाइयों में छोटा और बेहद मेधावी था। वह गांव से बाहर रहकर उच्च शिक्षा हासिल कर रहा था और हाल ही में जन्माष्टमी पर्व मनाने तथा घर के कुछ आवश्यक कार्यों को पूरा करने के सिलसिले में गांव आया था। पिता सुबोध सिंह दिल्ली के निजी संस्थान में नौकरी कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार रामलला अपने गांव के कुछ साथियों के साथ नहाने के लिए गंगटी आहर गया था। स्नान करने के दौरान वह अनजाने में आहर के गहरे हिस्से में चला गया और डूबने लगा। उसे डूबता देख साथ मौजूद किशोरों और दोस्तों ने जोर-जोर से शोर मचाना शुरू कर दिया। शोर सुनकर आसपास के खेतों में काम कर रहे ग्रामीण तुरंत आहर की ओर दौड़े। ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद युवक को गहरे पानी से बाहर निकाला और आनन-फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) वारिसलीगंज पहुंचे। अस्पताल में ड्यूटी पर तैनात चिकित्सकों ने स्वास्थ्य परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
ग्रामीणों के अनुसार, मौजूदा मॉनसून समय में आहर में डूबने से मौत की यह पहली घटना है। लगातार बारिश के चलते क्षेत्र के पारंपरिक आहरों और पोखरों में जलस्तर काफी बढ़ गया है, जिससे किनारे पर भी अचानक गहराई बढ़ जाने से ऐसे जानलेवा हादसों की आशंका बनी रहती है।
घटना की आधिकारिक सूचना मिलते ही वारिसलीगंज थाने की पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और परिजनों से घटना की विस्तृत जानकारी जुटाई। पुलिस ने आवश्यक कानूनी व विधिक प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को अपने कब्जे में लेकर अंत्यपरीक्षण (पोस्टमार्टम) के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने बताया कि मामले में यूडी केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
भईया जी की रिपोर्ट
