-विपक्ष का कोई पहला नेता ने दोनों पक्षों की सुनी बातें
नवादा : जिले के हिसुआ थाना नगर परिषद क्षेत्र के पांचूगढ़ गांव निवासी प्रणय कुमार उर्फ पीयूष की हत्या के मामले को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। सनसनीखेज घटना के बाद जन सुराज पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मनोज भारती के नेतृत्व में पार्टी का प्रतिनिधिमंडल हिसुआ पहुंचा और पीड़ित परिवार से मुलाकात की। मनोज भारती ने मृतक प्रणय कुमार उर्फ पीयूष के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी और घटना की पूरी जानकारी ली। उन्होंने परिवार को हरसंभव सहयोग और न्याय की लड़ाई में साथ खड़े रहने का भरोसा दिलाया।
इस दौरान मनोज भारती ने मामले से जुड़े दोनों पक्षों के लोगों से मुलाकात कर घटना की जानकारी ली। हिसुआ के बाद जनसुराज के प्रदेश अध्यक्ष मनोज भारती नवादा के क्रिडेंस अस्पताल पहुंचकर घटना में घायल दूसरे पक्ष के लोगों का हालचाल जाना और उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि इस तरह की हिंसक घटना किसी भी स्थिति में नहीं होनी चाहिए। समाज में कानून-व्यवस्था और आपसी भाईचारा बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि घटना में जो भी दोषी पाए जाएं, उनके खिलाफ निष्पक्ष जांच के बाद कानून के तहत सख्त कार्रवाई होनी चाहिए और किसी निर्दोष के साथ अन्याय नहीं होना चाहिए।
मनोज भारती ने हत्याकांड पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए घटना को बेहद निंदनीय बताया। उन्होंने जिला प्रशासन से मांग की कि मामले की निष्पक्ष और त्वरित जांच कर घटना की वास्तविकता सामने लाई जाए तथा इसमें शामिल दोषियों की पहचान कर उन्हें जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाए। उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवार को न्याय मिलना चाहिए और भविष्य में इस तरह की घटना की पुनरावृत्ति न हो, इसके लिए प्रशासन को आवश्यक कदम उठाने चाहिए। उन्होंने जिला प्रशासन से अपील करते हुए कहा कि मामले में कानून के अनुसार कार्रवाई हो और दोषियों को किसी भी परिस्थिति में बख्शा नहीं जाए। साथ ही, उन्होंने कहा कि जन सुराज न्याय की मांग के साथ पीड़ित परिवार के साथ खड़ा है और निष्पक्ष जांच में पूरा विश्वास रखता है।
इस प्रकार विपक्ष के ये पहले ऐसा नेता बन गए हैं जिन्होंने दोनों पीड़ित पक्षों से मिलकर उनकी बातें सुनने तथा उचित कार्रवाई की मांग कर शेष विपक्षी दलों के नेताओं को हत्या की राजनीति के बजाय सकारात्मक राजनीति करने की नसीहत दी ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। जन सुराज के प्रतिनिधिमंडल में सरवर अली, पद्मा ओझा, नरेश मांझी, जेपी सिंह, सिकंदर शर्मा, मगध प्रभारी मधुकर सिंह, नालंदा क्षेत्र के मीडिया प्रभारी अजय कुमार, जिला अध्यक्ष त्रिवेणी सिंह, जिला महासचिव सरयू राय, जिला युवा अध्यक्ष नीरज कुमार, जिला महिला अध्यक्ष स्वीटी सिन्हा,अजय सिंह ,रजनीश सिंह समेत बड़ी संख्या में पार्टी के नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
भईया जी की रिपोर्ट