नवादा : जिला पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। हिसुआ नगर परिषद पक्षेत्र के पांचुगढ़ गोलीबारी और हत्या कांड में संलिप्त मुख्य अभियुक्त ने पुलिस की लगातार दबिश के कारण 72 घंटे के अंदर न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया। गौरतलब हो कि 01 सितंबर को हिसुआ नगर परिषद क्षेत्र के पांचुगढ़ में दो पक्षों के बीच गोलीबारी की घटना हुई थी, जिसमें एक युवक की मौत हो गई थी और दो लोग जख्मी हुए थे। इस मामले में हिसुआ थाना कांड संख्या- 508/26 दिनांक 02.09.2026 दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया गया था। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस महानिरीक्षक, मगध क्षेत्र गया जी के द्वारा पुलिस अधीक्षक, नवादा के नेतृत्व में विशेष अनुसंधान दल (SIT) का गठन किया गया था।
72 घंटे में इश्तेहार-कुर्की का आदेश :– गठित SIT द्वारा अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही थी। पुलिस ने माननीय न्यायालय से समन्वय स्थापित कर महज 72 घंटे के अंदर अभियुक्त के विरुद्ध इश्तेहार एवं कुर्की का आदेश प्राप्त कर लिया था। 05 सितंबर को पुलिस द्वारा अभियुक्त नीरज कुमार उर्फ कारू डॉन के घर विधिवत इश्तेहार तामिला किया गया। पुलिसिया दबाव बढ़ता देख अभियुक्त नीरज कुमार उर्फ कारू ने तत्काल माननीय न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया। पुलिस द्वारा उक्त अभियुक्त को माननीय न्यायालय से आदेश प्राप्त कर अग्रेतर अनुसंधान हेतु पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ की जाएगी।
अन्य 10 आरोपियों पर भी शिकंजा :– पुलिस के अनुसार कांड में संलिप्त अन्य 10 अभियुक्तों के विरुद्ध माननीय न्यायालय से वारंट प्राप्त किया जा चुका है। पुलिस ने चेतावनी दी है कि 72 घंटों के अंदर आत्मसमर्पण नहीं करने पर उनके विरुद्ध भी इश्तेहार और कुर्की की कार्रवाई की जाएगी। वरीय पदाधिकारी द्वारा इस पूरे प्रकरण की लगातार समीक्षा की जा रही है एवं सभी अभियुक्तों के विरुद्ध छापेमारी जारी है।
भईया जी की रिपोर्ट