– एक लाख श्रद्धालुओं के भाग लेने का दावा
नवादा : श्री कृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर नवादा नगर स्थित गोवर्धन मंदिर में हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी विशेष पूजा विधान एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। जन्माष्टमी की पूर्व संध्या पर अंतर्राज्यीय कलाकारों की भव्य प्रस्तुति हुई जिसमें भजन संध्या और आकर्षक झांकियां देर रात तक प्रस्तुत की गई। खासकर कृष्ण सत्यभामा संवाद, कृष्ण सुदामा मिलन, भगवान शिव पार्वती का भाव नृत्य और शिवगणों की आकर्षक झांकियों से श्रद्धालुओं का उमंग पराकाष्ठा पर थी।

इसी क्रम में विद्वान आचार्यों द्वारा वैदिक अनुष्ठान प्रारंभ किया गया जो शुक्रवार को अर्द्धरात्रि के बाद तक जारी रहा।
इस संबंध में मंदिर समिति के सचिव महेंद्र यादव ने बताया कि गोवर्धन मंदिर की बढ़ती लोकप्रियता और श्रद्धालुओं की भक्ति भावना को देखते हुए इस वर्ष सांस्कृतिक आयोजन को दो दिवसीय किया गया और पारंपरिक अनुष्ठान के साथ भजन कीर्तन का भव्य आयोजन किया गया।
उन्होंने बताया कि मंदिर समिति के अध्यक्ष सह पूर्व श्रम राज्य मंत्री राजबल्लभ प्रसाद के दिशा निर्देश में समस्त अनुष्ठानिक आयोजन किए गए हैं जो हर वर्ष होता रहा है। मंडी प्रतिष्ठा के बाद यहां श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सारे संभव उपाय किए गए है जिसमें शुद्ध पेय जल , शौचालय, साफ सफाई, सुरक्षा व्यवस्था इत्यादि शामिल है। उन्होंने इस दो दिवसीय आयोजन में लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने का दावा किया।
भईया जी की रिपोर्ट

