नवादा : जिला पदाधिकारी रवि प्रकाश ने भ्रमण कार्यक्रम के दौरान वन स्टॉप सेंटर का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने केंद्र में महिलाओं एवं बालिकाओं को उपलब्ध करायी जा रही सुविधाओं, सुरक्षा व्यवस्था और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के क्रम में डीएम ने महिलाओं की सुरक्षा, निजता और गोपनीयता को विशेष प्राथमिकता देते हुए सेंटर की सभी खिड़कियों और दरवाजों में पर्दा लगाने का सख्त निर्देश दिया।
उन्होंने कहा कि यहां आने वाली पीड़ित महिलाओं एवं बालिकाओं को सुरक्षित और सम्मानजनक वातावरण उपलब्ध कराना सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। डीएम ने आवासन कक्ष, कंप्यूटर कक्ष, सीसीटीवी कैमरा कक्ष, रसोईघर समेत अन्य व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने केंद्र में आने वाली महिलाओं को दी जाने वाली चिकित्सा, कानूनी, मनोवैज्ञानिक, पुलिस सहायता और अस्थायी आश्रय जैसी सुविधाओं की जानकारी ली।
डीएम ने निष्पादित मामलों का नियमित फॉलोअप करने तथा जरूरत पड़ने पर संबंधित महिलाओं एवं बालिकाओं से संपर्क बनाए रखने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि मामले के निष्पादन के बाद भी लाभार्थियों की स्थिति की जानकारी लेते हुए आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराया जाये। सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए डीएम ने वन स्टॉप सेंटर के चारों ओर चारदीवारी निर्माण के लिए आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश संबंधित पदाधिकारी को दिया। उन्होंने केंद्र की सुरक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए जरूरी कदम उठाने पर जोर दिया।
डीएम ने सभी थानाध्यक्षों एवं संबंधित पदाधिकारियों को वन स्टॉप सेंटर की सुविधाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार कराने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि जरूरतमंद महिलाओं और बालिकाओं को समय पर केंद्र की सुविधाओं का लाभ मिल सके, इसके लिए लोगों तक इसकी जानकारी पहुंचाना जरूरी है। वन स्टॉप सेंटर हिंसा से पीड़ित महिलाओं को एक ही छत के नीचे एकीकृत सहायता उपलब्ध कराने का महत्वपूर्ण माध्यम है। केंद्र के माध्यम से पीड़ित महिलाओं को चिकित्सा, कानूनी, मनोवैज्ञानिक और पुलिस सहायता के साथ अस्थायी आश्रय जैसी सुविधाएं उपलब्ध करायी जाती हैं।
भईया जी की रिपोर्ट