– पांच साल की प्रतीक्षा के बाद दंपति को मिला संतान का सुख
नवादा : अपर समाहर्ता मनोज कुमार ने कोलकाता निवासी दंपति संतोष कुमार साह एवं उनकी पत्नी सुजाता भद्रा को बालक अनुज (नया नाम शरण साह) को दत्तक ग्रहण समिति, की अनुशंसा पर विधिवत दत्तक ग्रहण पूर्व पोषण हेतु अस्थायी रूप से सुपुर्द किया। दत्तक ग्रहण की पूरी प्रक्रिया केंद्रीय दत्तक ग्रहण संसाधन प्राधिकरण (CARA), नई दिल्ली के CARINGS पोर्टल के माध्यम से दत्तक ग्रहण विनियम, 2022 एवं किशोर न्याय (बालकों की देखरेख एवं संरक्षण) अधिनियम, 2015 के प्रावधानों के अनुसार पूरी की गई।बालक को प्राप्त करने के बाद दंपति काफी खुश नजर आए।
उन्होंने कहा कि करीब पांच वर्षों से वे संतान की प्रतीक्षा कर रहे थे। आज बच्चे के उनके परिवार में आने से उनका परिवार पूरा हो गया है। उन्होंने दत्तक ग्रहण प्रक्रिया से जुड़े सभी पदाधिकारियों और कर्मियों के प्रति आभार जताया। सहायक निदेशक, जिला बाल संरक्षण इकाई रीतेश कुमार ने बताया कि विशिष्ट दत्तक ग्रहण संस्थान के माध्यम से 2 सितंबर 2026 तक कुल 14 बच्चों को अंतरदेशीय तथा 48 बच्चों को देश के भीतर दत्तक ग्रहण के माध्यम से परिवारों को सौंपा जा चुका है।
उन्होंने आम लोगों से दत्तक ग्रहण के लिए आगे आने की अपील करते हुए कहा कि इच्छुक व्यक्ति मिशन वात्सल्य पोर्टल के माध्यम से अपना पंजीकरण करा सकते हैं। पंजीकरण के लिए पैन कार्ड, आधार कार्ड, विवाह प्रमाण-पत्र, चिकित्सा फिटनेस प्रमाण-पत्र, पुलिस सत्यापन प्रमाण-पत्र और आय प्रमाण-पत्र आवश्यक हैं। वर्तमान में विशिष्ट दत्तक ग्रहण संस्थान नगर के वीआईपी कॉलोनी, डीएवी पब्लिक स्कूल के समीप संचालित है। यहां इच्छुक अभ्यर्थियों को दत्तक ग्रहण से संबंधित जानकारी और आवश्यक मार्गदर्शन दिया जाता है।
भईया जी की रिपोर्ट