नवादा : मगध प्रक्षेत्र के आईजी विकास वैभव पकरीबरावां अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी कार्यालय का निरीक्षण किया। एसडीपीओ कार्यालय पहुंचते ही परंपरा के तहत उनके सम्मान में एसडीपीओ सुजय विद्यार्थी की देखरेख में ऑनर ऑफ़ गार्ड प्रदान किया गया। इसके उपरांत उन्होंने पुलिस अनुमंडल के विभिन्न थाना अंतर्गत दर्ज कांडों के अनुसंधान की प्रगति की समीक्षा की। मौके पर उन्होंने पुलिस अधीक्षक अभिनव धीमान एवं एसडीपीओ सुजय विद्यार्थी को कई आवश्यक निर्देश दिया।
आईजी विकास वैभव के पकरीबरावां आने की खबर जैसे ही आमजनों को मिली दर्जनों की संख्या में लोग आईजी विकास वैभव से मिलकर अपनी शिकायतें रखने दौड़ पड़े। आमतौर पर निरीक्षण के लिए पहुंचे कोई अधिकारी आम लोगों से न तो मिलते हैं न ही किसी की बात सुनते हैं। वैसे संभवतः पहली बार ऐसा हुआ जब आईजी ने एसडीपीओ कार्यालय का निरीक्षण किया। मौके पर आईजी ने लोगों की शिकायतों को सुनने के उपरांत आश्वासन दिया कि उनकी शिकायतों पर जल्द ही अधिकारी जांच कर कारवाई करेंगे। सबसे अधिक शिकायतें जमीन विवाद से जुड़े सामने आए।
सूदनपूर की मोकीदा खातून ने आईजी से अपने जमीन पर दबंगों द्वारा जबरन कब्जा किए जाने की शिकायत की जिसपर आईजी ने एसडीपीओ पकरीबरावां को जांच कर उचित कारवाई करने का निर्देश दिया। आईजी विकास वैभव ने मीडिया को संबोधित करते हुए कहा कि जिला का कुछ क्षेत्र साइबर अपराधीयों का गढ़ बना हुआ है। ऐसे हालात में साइबर अपराधीयों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई करने का निर्देश पुलिस अधीक्षक एवं सभी थाना के थानाध्यक्ष को दिया।इसके साथ ही पकरीबरावां को जाम से निजात दिलाने हेतु विशेष पहल करने का निर्देश दिया। मौके पर पकरीबरावां पुलिस अनुमंडल से जुड़े सभी थाना के थानाध्यक्ष सहित कई अन्य मौजूद रहे।
भईया जी की रिपोर्ट