नवादा : बिहार सरकार के सात निश्चय-3 के सातवें निश्चय “सबका सम्मान-जीवन आसान (Ease of Living)” का मुख्य उद्देश्य राज्य के सभी नागरिकों के दैनिक जीवन में आने वाली कठिनाइयों को कम कर उनके जीवन को अधिक सरल, सहज एवं सम्मानजनक बनाना है। इस निश्चय के अंतर्गत आमजनों को सरकारी कार्यालयों से संबंधित कार्यों के निष्पादन में किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े, इसके लिए प्रत्येक सप्ताह सोमवार एवं शुक्रवार को जिले के सभी सरकारी कार्यालयों में जनसुनवाई की व्यवस्था लागू की गई है।
इसी क्रम में जिला पदाधिकारी श्री रवि प्रकाश की अध्यक्षता में समाहरणालय सभाकक्ष में जनसुनवाई का आयोजन किया गया। जनसुनवाई के दौरान जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए आमजनों की समस्याओं एवं शिकायतों को जिला पदाधिकारी द्वारा गंभीरतापूर्वक सुना गया। इस दौरान कुल 40 परिवाद प्राप्त हुए।
जनसुनवाई में थाना कादिरगंज, ग्राम आनन्दपुरा निवासी रिंकू देवी द्वारा प्रधानमंत्री आवास योजना से संबंधित आवेदन, थाना मुफस्सिल, ग्राम ओरैना निवासी धीरज कुमार द्वारा अतिक्रमण मुक्त कराने, थाना काशीचक, ग्राम बेलड़ निवासी धनपत रविदास द्वारा सामुदायिक भवन निर्माण कराने तथा थाना कादिरगंज, ग्राम कादिरगंज निवासी संजय कुमार द्वारा दाखिल-खारिज से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किया गया। इसके अतिरिक्त अन्य परिवादियों द्वारा विभिन्न प्रकार की शिकायतें एवं समस्याएं जिला पदाधिकारी के समक्ष रखी गईं।
जिला पदाधिकारी ने सभी परिवादियों की समस्याओं को गंभीरतापूर्वक सुनते हुए संबंधित पदाधिकारियों को प्राप्त आवेदनों की नियमानुसार जाँच कर आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया। कई मामलों का मौके पर ही निष्पादन किया गया, जबकि शेष मामलों को संबंधित विभागीय पदाधिकारियों को जाँचोपरांत आवश्यक कार्रवाई हेतु अग्रसारित किया गया। जिला पदाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि जनसुनवाई में प्राप्त सभी परिवादों का समयबद्ध, पारदर्शी एवं नियमानुसार निष्पादन सुनिश्चित करें। साथ ही, परिवादियों को उनके मामलों में की गई कार्रवाई से अवगत कराने का निर्देश दिया।
भईया जी की रिपोर्ट