नवादा : जिला कांग्रेस कमेटी की बैठक जिलाध्यक्ष प्रभाकर झा की अध्यक्षता में आयोजित की गयी। बैठक में बिहार प्रदेश कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष सह जिला प्रभारी शशि शेखर सिंह ने कहा कि कांग्रेस हमेशा जनता की आवाज रही है। आगामी समय में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने के लिए प्रत्येक कार्यकर्ता को पूरी एकजुटता के साथ मैदान में उतरना होगा।
बैठक में संगठन विस्तार, सदस्यता अभियान की प्रगति तथा जिला कांग्रेस कमेटी, प्रखंड कांग्रेस कमेटी और मंडल कमेटियों के गठन को लेकर दिशा-निर्देश दिए गए। 15 से 20 बूथों पर मंडल कमेटियों के गठन के साथ बीएलए-2 के गठन की प्रक्रिया शीघ्र पूरी करने को कहा। जिलाध्यक्ष प्रभाकर झा ने बताया कि पार्टी की ओर से ‘चलो पंचायत, चलो वार्ड’ एवं ‘हर घर झंडा’ अभियान की शुरुआत की जायेगी। इसके तहत कार्यकर्ता पंचायत और वार्ड स्तर तक पहुंचकर लोगों से संवाद करेंगे तथा स्थानीय समस्याओं को प्रमुखता के साथ उठायें।
जिलाध्यक्ष ने कहा कि स्थानीय समस्याओं के साथ आरओबी का शीघ्र निर्माण, रोह को नवादा अनुमंडल में शामिल करने, किसानों की समस्याओं, महंगाई और बिजली की बढ़ती दरों के मुद्दे को प्रमुखता से उठाया जायेगा। इसके अलावा बढ़ते अपराध, सदर अस्पताल में व्याप्त कुव्यवस्था, शिक्षा विभाग में बढ़ते भ्रष्टाचार और जर्जर सड़कों के मुद्दे पर पार्टी आवाज बुलंद करेगी।
बैठक का मंच संचालन हिसुआ प्रखंड के विजय कुमार ने किया। मौके पर पिंकी कुमारी, युवा जिलाध्यक्ष मनोज कुमार, एससी-एसटी जिलाध्यक्ष कमलेश पासवान, कृष्ण कुमार प्रभाकर, मधुसूदन, गोपाल कुमार, संदीप पासवान, अरुण कुमार, पंकज कुमार, संतोष राजवंशी, बालेश्वर यादव, रामजन्म सिंह, सुरेंद्र यादव, इंदु सिन्हा और कुंदन दीप सहित सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे। बैठक में संगठन को मजबूत करने और आगामी अभियानों को सफल बनाने को लेकर कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां सौंपी गयी।
भईया जी की रिपोर्ट