नवादा : जिले कीरजौली अनुमंडल मुख्यालय नगर पंचायत वार्ड संख्या 01 अंतर्गत प्राणचक गांव में शॉर्ट सर्किट के कारण किराना दुकान में भीषण आग लग गई। आग में लाखों का सामान जलकर राख हो गया। घटना में दुकानदार को लगभग 6 लाख रुपए का नुकसान बताया जा रहा है।
पीड़ित दुकानदार प्राणचक गांव निवासी ईश्वरी प्रसाद ने बताया कि वे पिछले दो वर्षों से गांव में ही घर से 500 मीटर की दूरी पर दो दुकान संचालित कर रहे हैं। एक दुकान किराना की है और दूसरी किसान खाद भंडार है। आग से हुए नुकसान के बाद ईश्वरी प्रसाद ने प्रशासन से आर्थिक मदद की गुहार लगाई है।
आधी रात में लगी आग
ईश्वरी प्रसाद ने बताया कि रोज की तरह दुकान बंद कर घर चले गए थे। रात करीब 2 बजे ग्रामीणों ने सूचना दी कि उनकी दुकान से आग और धुआं निकल रहा है। मौके पर पहुंचने तक किराना दुकान पूरी तरह आग की चपेट में आ चुकी थी।
सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग को फोन किया। प्रधान अग्निक सुरेंद्र कुमार शर्मा और गुड्डु पासवान, अग्निक चालक टुन्ना कुमार गुप्ता व बिट्टू कुमार, अग्निक राकेश कुमार, शमशेर अंसारी, समीर राज एवं सुधांशु कुमार की टीम ने मौके पर पहुंचकर काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग में किराना का सामान के साथ-साथ काउंटर में रखे पॉश मशीन और रजिस्टर जलकर खाक हो गया जबकि खाद दुकान पूरी तरह सुरक्षित है।
मुआवजे की मांग
घटना की जानकारी मिलते ही प्रखंड कृषि पदाधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने लाइसेंसधारी खाद दुकानदार को प्राथमिकी दर्ज कर उसकी एक प्रति जमा करने समेत अन्य जरूरी निर्देश दिया। सीओ मो. गुफरान मजहरी ने बताया कि यदि दुकानदार ने बीमा कराया होगा तो उसे बीमा कंपनी से मुआवजा मिल सकता है। दुकान में आग लगने की स्थिति में आपदा प्रबंधन से किसी प्रकार की सहायता का प्रावधान नहीं है।
कहते हैं थानाध्यक्ष
थानाध्यक्ष रणजीत कुमार ने बताया कि मामला संज्ञान में है। पुलिस जांच कर रही है। पीड़ित दुकानदार के आवेदन मिलने पर अग्रेत्तर कार्रवाई की जाएगी।
भईया जी की रिपोर्ट