नवादा : नगर थाना के समीप केंद्रीय रेलवे रेलयात्री संघ के बैनर तले रेलवे ओवरब्रिज निर्माण की मांग को लेकर धरना दिया गया। इस दौरान संघ से जुड़े लोगों ने अपनी मांगों के समर्थन में जमकर नारेबाजी की और सरकार से जल्द निर्माण कार्य शुरू कराने की मांग की। धरनार्थियों को संबोधित करते हुए संघ के जिलाध्यक्ष संजय सिंह ने कहा कि तीन नंबर बस स्टैंड से लेकर नवादा सदर अस्पताल तक रेलवे ओवरब्रिज का निर्माण प्रस्तावित है। इसके निर्माण के लिए सरकार की ओर से करीब 171 करोड़ रुपये की राशि आवंटित की गई है बावजूद कुछ लोगों की ओर से उत्पन्न की जा रही अड़चनों के कारण निर्माण कार्य अब तक शुरू नहीं हो सका है।
उन्होंने कहा कि रेलवे ओवरब्रिज का निर्माण नहीं होने से शहरवासियों को आए दिन भीषण जाम की समस्या से जूझना पड़ रहा है। जाम के कारण आम लोगों, मरीजों, स्कूली बच्चों और वाहन चालकों को काफी परेशानी होती है। उन्होंने कहा कि सरकार गंभीरता दिखाए तो सभी अड़चनों को दूर कर जल्द निर्माण कार्य शुरू कराया जा सकता है। संघ ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ओवरब्रिज निर्माण शुरू नहीं हुआ तो आने वाले दिनों में दिल्ली के जंतर-मंतर पर धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। मौके पर जिला कांग्रेस अध्यक्ष प्रभाकर झा,उमाशंकर रजक, पड़कन चौधरी, शंकर लोहार समेत अन्य लोग मौजूद रहे।
भईया जी की रिपोर्ट