नवादा : पुलिस ने रक्षाबंधन के अवसर पर जिले की महिलाओं, युवतियों और बालिकाओं की सुरक्षा को और मजबूत करने के लिए ‘अभया ब्रिगेड’ की शुरुआत की है। पुलिस अधीक्षक अभिनव धीमान के निर्देश पर 28 अगस्त 2026 को विशेष गश्ती-सह-जागरूकता अभियान का शुभारंभ किया गया। अभियान के तहत महिला पुलिसकर्मियों को विशेष जिम्मेदारी दी गई है, जिन्हें ‘पुलिस दीदी’ के रूप में तैनात किया गया है। विशेष गश्ती वाहनों के माध्यम से ‘पुलिस दीदी’ जिले के विभिन्न क्षेत्रों में लगातार पेट्रोलिंग करेंगी।

इनका मुख्य उद्देश्य मनचलों और असामाजिक तत्वों पर नजर रखना, महिलाओं एवं छात्राओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना और उनमें सुरक्षा की भावना मजबूत करना है। ‘अभया ब्रिगेड’ की टीम प्रमुख रूप से स्कूल, कॉलेज, कोचिंग संस्थान, बाजार और भीड़भाड़ वाले सार्वजनिक स्थानों पर विशेष गश्त करेगी। किसी भी आपात स्थिति में छात्राओं और महिलाओं को तत्काल पुलिस सहायता उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा। इसके अलावा जागरूकता अभियान भी चलेगा।
गश्त के साथ ‘पुलिस दीदी’ छात्राओं एवं महिलाओं को महिला सुरक्षा से जुड़े कानूनों, हेल्पलाइन नंबरों और जरूरी सुरक्षा उपायों के प्रति जागरूक करेंगी। रक्षाबंधन के दिन शुरू की गई ‘अभया ब्रिगेड’ पहल को महिलाओं और आम नागरिकों के लिए सुरक्षा की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। इससे स्कूल-कॉलेज जाने वाली बेटियों का मनोबल बढ़ने और उनके बीच सुरक्षा की भावना मजबूत होने की उम्मीद है। नवादा पुलिस का संदेश साफ है कि बहन-बेटियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकताओं में से एक है।
भईया जी की रिपोर्ट

