नवादा : जिले के कौआकोल थाना क्षेत्र के देवनगढ़ पंचायत अंतर्गत भोरमबाग गांव निवासी 22 वर्षीय रोहित कुमार की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। रक्षाबंधन के अवसर पर बहन से राखी बंधवाने जा रहे रोहित की मौत की खबर मिलते ही गांव में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों से प्राप्त जानकारी के अनुसार,रोहित कुमार बिहारशरीफ में रहकर जूस बेचकर अपना जीवन बसर करता था। उसके पिता धर्मेन्द्र साव एवं माता का पूर्व में ही निधन हो चुका है।

बताया जाता है कि रक्षाबंधन के अवसर पर बहन से राखी बंधवाने के लिए रोहित बिहारशरीफ से बाइक पर सवार होकर अपने बुआ के घर लक्खीसराय जा रहा था। इसी दौरान शेखपुरा मार्ग पर एक दूसरे वाहन की चपेट में आने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद आसपास के लोगों की मदद से उसे आनन-फानन में बिहारशरीफ के एक निजी क्लिनिक में भर्ती कराया गया जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
रोहित की मौत की सूचना मिलते ही उसके गांव भोरमबाग में मातम पसर गया। रक्षाबंधन के दिन बहन से राखी बंधवाने जा रहे भाई की अचानक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। घटना से ग्रामीण भी काफी मर्माहत हैं। बता दें इसके पूर्व राखी बंधवाने जा रहे वारिसलीगंज प्रखंड क्षेत्र के मैय गांव के युवक की मौत बाघी वरडीहा के पास ट्रेन से कटकर हो चुकी है।
भईया जी की रिपोर्ट

