नवादा : शिक्षा विभाग, बिहार सरकार द्वारा BPSC TRE-4 के माध्यम से शिक्षकों की नियुक्ति के लिए कुल 38,832 रिक्त पदों पर परीक्षा आयोजित करने के लिए प्रस्ताव बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) को भेजा गया है। इसमें उर्दू विषय के प्राथमिक, मध्य, माध्यमिक एवं उच्च माध्यमिक विद्यालयों के लिए कुल 3,229 पद तथा हिंदी विषय के लिए 2,026 पद शामिल हैं। TRE-4 के माध्यम से शिक्षकों की नियुक्ति के लिए दो चरणों में परीक्षा आयोजित की जाएगी—पहला प्री-टेस्ट और दूसरा मेंस परीक्षा।
अंजुमन तरक्की-ए-उर्दू जिला नवादा सचिव अब्दुल्लाह आज़म ने बताया कि परीक्षा की बेहतर तैयारी के लिए अंजुमन तरक्की-ए-उर्दू बिहार के प्रधान कार्यालय उर्दू भवन, दूसरी मंजिल, अशोक राजपथ, पटना तथा बिहार के सभी जिलों में जिला कमेटी के माध्यम से निःशुल्क कोचिंग शुरू करने का निर्णय लिया गया है। कोचिंग के लिए 25 अगस्त 2026 से 15 सितंबर 2026 तक रजिस्ट्रेशन का कार्य जारी रहेगा। वहीं 16 सितंबर 2026 से 16 अक्टूबर 2026 तक कोचिंग कक्षाएं संचालित की जाएंगी।
अंजुमन तरक्की-ए-उर्दू जिला नवादा में यह कार्य मजलिस उल उलेमा वल उम्मत की निगरानी में किया जाएगा। TRE-4 में शामिल होने वाले सभी छात्र-छात्राओं को परीक्षा की बेहतर तैयारी कराई जाएगी, ताकि योग्य उम्मीदवार इस परीक्षा में सफलता प्राप्त कर सकें। रजिस्ट्रेशन के लिए फॉर्म प्राप्त करने एवं जमा करने के लिए इच्छुक अभ्यर्थी कार्यालय मजलिस उल उलेमा, इमामबाड़ा गली, अंसार नगर, नवादा में सुबह 9:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक संपर्क कर सकते हैं।
प्री-टेस्ट परीक्षा 150 अंकों की होगी तथा परीक्षा की अवधि 2 घंटे होगी। प्री-टेस्ट में सामान्य ज्ञान, राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय महत्वपूर्ण घटनाक्रम, भारत का इतिहास, बिहार का इतिहास, भूगोल, प्रमुख नदियां, अर्थव्यवस्था, आज़ादी के बाद बिहार की अर्थव्यवस्था में हुए परिवर्तन, देश की आज़ादी की लड़ाई में बिहार का योगदान तथा अन्य सामान्य जानकारी से संबंधित प्रश्न पूछे जाएंगे। TRE-4 BPSC प्री-टेस्ट परीक्षा में शामिल होने वाले योग्य अभ्यर्थियों से अपील है कि वे अपना रजिस्ट्रेशन अंजुमन तरक्की-ए-उर्दू जिला उपाध्यक्ष मुफ्ती इनायतुल्लाह कासमी से संपर्क कर 15 सितंबर 2026 से पहले पूरा करा लें।
16 सितंबर 2026 से 16 अक्टूबर 2026 तक कोचिंग कक्षाएं संचालित की जाएंगी। अंजुमन तरक्की-ए-उर्दू जिला अध्यक्ष मौलाना सलाहुद्दीन कासमी ने जिले के सभी इमामों, उलेमाओं, मिल्ली, सामाजिक एवं राजनीतिक कार्यकर्ताओं से अपील की है कि इस महत्वपूर्ण पहल की जानकारी अधिक से अधिक लोगों तक जल्द से जल्द पहुंचाने में सहयोग करें और इस नेक कार्य में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें।
भईया जी की रिपोर्ट