नवादा : जिले के सिरदला थाना क्षेत्र में अवैध बालू खनन एवं परिवहन के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई करते हुए बड़गांव नदी घाट से अवैध बालू लदा एक ट्रैक्टर जब्त किया। कार्रवाई के दौरान ट्रैक्टर के आगे बाइक से चल रहे एक लाइनर को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया, जबकि पुलिस को देखते ही ट्रैक्टर चालक बालू सड़क पर गिराते हुए वाहन छोड़कर फरार हो गया।

मामले में वाहन मालिक और फरार चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। गिरफ्तार लाइनर की पहचान बड़गांव निवासी सकलदेव सिंह के 26 वर्षीय पुत्र अनिकेत कुमार के रूप में हुई है। पूछताछ एवं आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया। थानाध्यक्ष विनय कुमार चौरसिया ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि बड़गांव नदी घाट से अवैध रूप से बालू का उठाव कर ट्रैक्टर के माध्यम से परिवहन किया जा रहा है।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने नदी घाट के आसपास निगरानी शुरू की। इसी दौरान बालू लदा एक ट्रैक्टर घाट से निकलता हुआ दिखाई दिया। पुलिस को अपनी ओर आता देख चालक ट्रैक्टर को तेज गति से भगाने लगा और सड़क पर ही बालू गिराने लगा। पुलिस के पीछा करने पर चालक कुछ दूरी पर ट्रैक्टर को एक घर के पास खड़ा कर मौके से फरार हो गया। पुलिस टीम ने ट्रैक्टर को जब्त कर लिया। इसी दौरान ट्रैक्टर के आगे-आगे बाइक से चल रहा लाइनर अनिकेत कुमार पुलिस के हत्थे चढ़ गया। पुलिस ने लाइनर की बाइक को जब्त कर लिया।
पुलिस ने जब्त ट्रैक्टर से करीब 30 सीएफटी अवैध बालू बरामद किया है। मामले में सिरदला थाना कांड संख्या 255/26 दर्ज की गई है। पुलिस फरार चालक की पहचान और गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई कर रही है। थानाध्यक्ष ने बताया कि अवैध बालू खनन एवं परिवहन के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी रहेगा। नदी घाटों से अवैध बालू के उठाव और परिवहन में शामिल लोगों के खिलाफ कानून के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।

भईया जी की रिपोर्ट
