नवादा : जिला के नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया की ओर से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जा रही है। सड़क किनारे किए गए निर्माणों को हटाने के लिए बुलडोजर सड़क किनारे बने कई मकानों को हटाते हुए देखा जा रहा है। एक ओर प्रशासन और संबंधित विभाग अतिक्रमण हटाने को लेकर तत्पर नजर आ रहे, वहीं दूसरी ओर कार्रवाई की जद में आए घरों के मालिकों के चेहरे पर परेशानी और बेबसी साफ दिखाई दे रही है। वर्षों की मेहनत और एक-एक पैसा जोड़कर बनाए गए अपने घरों को अपनी आंखों के सामने टूटते देख प्रभावित परिवार भावुक और परेशान हैं।
अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान प्रभावित परिवारों ने अपनी पीड़ा जाहिर की। उनका कहना है कि घर बनाने में उन्होंने अपनी जिंदगी की कमाई और वर्षों की मेहनत लगाई थी। जिस आशियाने को उन्होंने बड़ी उम्मीदों और सपनों के साथ तैयार किया था, उसे टूटते देखना उनके लिए बेहद पीड़ादायक है। पीड़ित परिवारों का मानना है कि वे विकास कार्य या सड़क निर्माण के विरोधी नहीं हैं, लेकिन यदि उनके घर और जमीन कार्रवाई की जद में आ रहे हैं तो उन्हें नियमानुसार मुआवजा भी समय पर मिलना चाहिए।
प्रभावित परिवारों ने प्रशासन से अपील करते हुए कहा कि जिस तरह घर तोड़ने में प्रशासन तेजी दिखा रहा है, उसी तरह मुआवजा देने में भी तत्परता दिखाई जाए। उनका कहना है कि मुआवजे के लिए उन्हें कार्यालयों और अधिकारियों के चक्कर न लगाना पड़े और अपने हक की राशि के लिए दर-दर की ठोकरें न खानी पड़े। परिवार का दर्द इस बात को लेकर भी है कि कार्रवाई के बाद उनके सामने रहने और भविष्य की व्यवस्था को लेकर बड़ी चुनौती खड़ी हो सकती है। ऐसे में प्रशासन से उनकी मांग है कि मुआवजे की प्रक्रिया को स्पष्ट, पारदर्शी और जल्द पूरा किया जाए।
भईया जी की रिपोर्ट