नवादा : जिले के नेमदारगंज थाना क्षेत्र के बरेव-गोविंदपुर पथ पर बरेव गांव के समीप जाम की समस्या ग्रामीणों के लिए परेशानी का सबब बनी हुई है। सड़क की चौड़ाई कम होने के बावजूद इस मार्ग पर लगातार भारी वाहनों की आवाजाही हो रही है। बालू घाट की ओर से बालू लदे हाइवा वाहनों के साथ सावन के महीने में गोविंदपुर की ओर से लौटने वाले कांवरिया वाहनों की संख्या बढ़ने से स्थिति और गंभीर हो गयी है। कई बार सड़क पर वाहनों की लंबी कतारें लग जाती है और लोगों को घंटों परेशानी झेलनी पड़ती है।
ग्रामीणों का कहना है कि जिस सड़क का निर्माण मुख्य रूप से ग्रामीणों के आवागमन के लिए किया गया है, उस पर भारी वाहनों के लगातार परिचालन से सड़क की हालत बदतर होती जा रही है। जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे बन गये हैं। बारिश होने पर इन गड्ढों में पानी भर जाने से सड़क की स्थिति और खतरनाक हो जाती है। बाइक, टेंपो और ऑटो चालकों को गड्ढों से होकर गुजरना पड़ता है, जिससे दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।
ग्रामीण बिट्टू सैनी ने कहा कि बरेव गांव के पास बाईपास सड़क बनना अब जरूरी हो गया है। उन्होंने कहा कि जब तक भारी वाहनों को गांव से बाहर निकालने के लिए वैकल्पिक रास्ता नहीं बनाया जायेगा, तब तक जाम और सड़क की बदहाली की समस्या बनी रहेगी। ग्रामीणों का कहना है कि बाईपास बनने से गांव के मुख्य मार्ग पर भारी वाहनों का दबाव कम होगा और लोगों को जाम से राहत मिल सकेगी।
भाजपा नेता ग्रामीण तपेश्वर सिंह ने बताया कि भारी वाहनों के दबाव से सड़क लगातार टूट रही है। बारिश के दिनों में गड्ढों में पानी भर जाने के कारण छोटे वाहनों को काफी परेशानी होती है। सड़क की खराब स्थिति के कारण कई बार वाहन चालक दुर्घटना का शिकार हो रहे हैं। ग्रामीणों ने संबंधित विभाग से सड़क की मरम्मत कराने और भारी वाहनों के परिचालन के लिए वैकल्पिक व्यवस्था करने की मांग की है।
भईया जी की रिपोर्ट