नवादा : जिले में नेत्र स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने तथा लोगों को निःशुल्क नेत्र जांच एवं उपचार की सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से चार वर्षीय नेत्र स्वास्थ्य कार्यक्रम ‘नेत्र वसंत’ का शुभारंभ किया गया। आयोजित कार्यक्रम का शुभारम्भ नगर के एक निजी होटल में किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ सिविल सर्जन डॉ. विनोद कुमार चौधरी, अपर मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. आफताब कलीम, जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी डॉ. योगेंद्र प्रसाद, डीपीए, पीएफआई नवीन कुमार पांडे एवं साइटसेवर्स इंडिया के सौरव राज ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।
कार्यक्रम को जिलेभर में चोलामंडलम इन्वेस्टमेंट एंड फाइनेंस कंपनी लिमिटेड के सहयोग से साइटसेवर्स इंडिया एवं नवभारत जागृति केंद्र एनबीजेके द्वारा संचालित किया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान परियोजना के बारे में जानकारी देते हुए जितेंद्र कुमार ने बताया कि जिले में अंधापन एवं दृष्टि संबंधी समस्याओं की स्थिति को ध्यान में रखते हुए अगले चार वर्षों तक व्यापक स्तर पर नेत्र स्वास्थ्य गतिविधियां संचालित की जाएंगी। इसके तहत स्वास्थ्य विभाग के सहयोग एवं साइटसेवर्स इंडिया तथा एनबीजेके के समन्वय से विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम, स्क्रीनिंग एवं आउटरीच नेत्र जांच शिविर आयोजित किए जाएंगे।
इसका उद्देश्य समय पर नेत्र रोगों की पहचान एवं उपचार सुनिश्चित कर जिले में अंधापन के मामलों को कम करना है। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम के अंतर्गत ग्रामीण एवं जरूरतमंद आबादी तक नेत्र स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच बढ़ाने पर विशेष जोर दिया जाएगा। विभिन्न क्षेत्रों में आयोजित आउटरीच नेत्र जांच शिविरों में निःशुल्क आंखों की जांच, जरूरतमंद लाभार्थियों को निःशुल्क चश्मे का वितरण तथा मोतियाबिंद से पीड़ित मरीजों को निःशुल्क मोतियाबिंद सर्जरी की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
पहले चरण में चार प्रखंड
कार्यक्रम के पहले चरण में जिले के चार प्रखंड—नरहट, मेसकौर, सिरदला एवं हिसुआ को शामिल किया गया है। इन प्रखंडों में चरणबद्ध तरीके से आउटरीच कैंप आयोजित कर अधिक से अधिक लोगों को नेत्र जांच, उपचार एवं आवश्यक रेफरल सेवाओं से जोड़ा जाएगा। मौके पर पर लोकनायक जयप्रकाश नेत्र अस्पताल के प्रबंधक सौरव राज ने अस्पताल की विभिन्न उपलब्धियों एवं सेवाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
इस चार वर्षीय पहल के माध्यम से समुदाय स्तर पर नेत्र स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ जरूरतमंद मरीजों को उपचार की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। कार्यक्रम का समापन संतोष कुमार एवं प्रतीक सुरभि द्वारा धन्यवाद ज्ञापन के साथ किया गया। उपस्थित पदाधिकारियों एवं सहयोगी संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने इस पहल को जिले में बेहतर एवं सुलभ नेत्र स्वास्थ्य सेवाओं की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।
भईया जी की रिपोर्ट