नवादा : नगर थाना क्षेत्र के भगत सिंह चौक स्थित दुर्गा मंदिर में बीती रात चोरों ने धावा बोल दिया। मंदिर का दरवाजा फांदकर अंदर घुसे चोरों ने अलमारी में रखे करीब 16 किलो वजन का पीतल का घंटा चुरा लिया। इसके बाद दानपेटी को भी खंगाल दिया और उसमें श्रद्धालुओं द्वारा दान किये गये रुपये लेकर फरार हो गये। सुबह मंदिर पहुंचने पर चोरी की घटना का पता चला, जिसके बाद श्रद्धालुओं में नाराजगी देखी गयी।

मिली जानकारी के अनुसार, चोरों ने रात के अंधेरे का फायदा उठाते हुए मंदिर का दरवाजा फांदकर अंदर प्रवेश किया। इसके बाद मंदिर में रखी अलमारी को खंगाला। चोरों की नजर अलमारी में रखे करीब 16 किलो के पीतल के घंटा पर पड़ी। उसे अपने साथ ले जाने के बाद चोरों ने दानपेटी को निशाना बनाया। दानपेटी में जमा रुपये निकालकर चोर मौके से फरार हो गये।
मंदिर के पुजारी विजय पांडे ने बताया कि मंदिर में चोरी की यह पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी एक बार चोर मंदिर को निशाना बना चुके हैं। दोबारा हुई चोरी से मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गये हैं। पुजारी ने बताया कि इस बार चोर घंटा और दानपेटी में रखे रुपये दोनों लेकर भाग गये।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गयी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जाने की उम्मीद है, ताकि चोरों की पहचान हो सके। मंदिर में लगातार दूसरी बार चोरी की घटना से स्थानीय लोगों ने पुलिस से रात में गश्ती बढ़ाने और जल्द चोरों को गिरफ्तार करने की मांग की है।

भईया जी की रिपोर्ट
