नवादा : नगर थाना क्षेत्र के बुधौल गांव में चोरी की घटना के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो विधि-विरुद्ध बालकों को निरुद्ध किया है। पुलिस ने उनके कब्जे और घर से चोरी के कई सामान बरामद किये हैं। पुलिस को सूचना मिली कि बुधौल गांव में दो बालक चोरी की घटना को अंजाम देने के बाद भागने का प्रयास कर रहे हैं। भागने के दौरान उनके पास से चोरी किया गया एक आयरन और दो मोबाइल गिर गये। पुलिस ने सामान जब्त कर मामले की जांच शुरू की और दोनों की पहचान की।
पहचान होने के बाद पुलिस ने दोनों विधि-विरुद्ध बालकों के घर पर छापेमारी की। इस दौरान एक कटर मशीन, एक मोटर और एक चार्जेबल बैटरी बरामद की गयी। पुलिस ने बरामद सामान को जब्त कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, नगर थाना कांड संख्या 849/26 से जुड़े चोरी के मामले में भी कई सामान बरामद किये गये हैं। इनमें मोटरसाइकिल स्पेयर पार्ट्स के छह ब्लॉक, 16 क्लच प्लेट, 51 रेगुलेटर, 18 रिले, एक एसपीएमआई और एक एलईडी टीवी शामिल है।
नगर थानाध्यक्ष उमाशंकर सिंह ने बताया कि चोरी करने और चोरी का सामान रखने के मामले में दो विधि-विरुद्ध बालकों को निरुद्ध किया गया है। पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है। वहीं, नगर थाना कांड संख्या 1087/25 में पुलिस ने लाइन पार मिर्जापुर निवासी पांचू मांझी को गुप्त सूचना के आधार पर गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
भईया जी की रिपोर्ट
