नवादा : 36 वीं बिहार राज्य ताइक्वांडो चैंपियनशिप में जिला ताइक्वांडो टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 10 स्वर्ण सहित कुल 16 पदक अपने नाम किए। प्रतियोगिता का आयोजन 8 और 9 अगस्त को पूर्वी चंपारण के मोतिहारी स्थित आर्या विद्यापीठ स्कूल में किया गया था। शानदार प्रदर्शन के दम पर नवादा की टीम ओवरऑल पदक तालिका में चौथे स्थान पर रही। जिला ताइक्वांडो टीम स्वर्ण पदकों की संख्या के आधार पर पटना और बेगूसराय के बाद तीसरे स्थान पर रही।
प्रतियोगिता में नवादा के खिलाड़ियों ने विभिन्न आयु और भार वर्गों में शानदार प्रदर्शन किया। खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा और मेहनत के दम पर जिले का नाम राज्य स्तर पर रौशन किया। स्वर्ण पदक जीतने वाले खिलाड़ियों में सब-जूनियर बालिका वर्ग के अंडर-20 किलोग्राम में प्रियल राज, कैडेट बालिका वर्ग के अंडर-29 किलोग्राम में खुशी कुमारी, अंडर-33 किलोग्राम में अनुष्का कुमारी, जूनियर बालिका वर्ग के अंडर-44 किलोग्राम में आरुषि अरिदमन, सब-जूनियर बालिका वर्ग के अंडर-57 किलोग्राम में राखी कुमारी और जूनियर बालिका वर्ग के अंडर-42 किलोग्राम में स्वीटी कुमारी विजेता रहीं।
इसी तरह जूनियर बालक वर्ग के अंडर-48 किलोग्राम में बरुण कुमार, सब-जूनियर बालक वर्ग के अंडर-49 किलोग्राम में दिलकुश कुमार, जूनियर बालक वर्ग के अंडर-55 किलोग्राम में निर्जल कुमार तथा सीनियर बालिका वर्ग के अंडर-73 किलोग्राम में दीपशिखा कुमारी ने स्वर्ण पदक हासिल किया। दो खिलाड़ियों ने रजत पदक पर कब्जा जमाया। कैडेट बालिका वर्ग के अंडर-47 किलोग्राम में संध्या कुमारी तथा कैडेट बालक वर्ग के अंडर-49 किलोग्राम में मोहित कुमार ने रजत पदक हासिल किया।
कांस्य पदक जीतने वाले खिलाड़ियों में सब-जूनियर बालक वर्ग के अंडर-23 किलोग्राम में राजवीर शर्मा, अंडर-25 किलोग्राम में सम्राट, अंडर-29 किलोग्राम में शिवम कुमार तथा अंडर-35 किलोग्राम में नैतिक कुमार शामिल हैं। प्रतियोगिता में टीम के कोच रवि रंजन, कौशल कुमार और मुकुल कुमार ने खिलाड़ियों को बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रशिक्षित किया, वहीं कन्हैया कुमार को बिहार ताइक्वांडो संघ की ओर से प्रतियोगिता में रेफरी की जिम्मेदारी सौंपी गयी थी।
जिला ताइक्वांडो टीम की उपलब्धि पर ताइक्वांडो संघ के अध्यक्ष डॉ. आरपी साहू, उपाध्यक्ष श्रवण कुमार बर्नवाल, शिवकुमार प्रसाद, राहुल कुमार, पूर्व कराटे कोच रवि शंकर कुमार, नीरज कुमार सहित अन्य लोगों ने खिलाड़ियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन कर जिले का नाम राज्य स्तर पर रोशन किया है। उपलब्धि की जानकारी जिला ताइक्वांडो संघ के महासचिव सोनू कुमार ने दी। उन्होंने खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर प्रसन्नता जताते हुए भविष्य में भी उनसे बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद जतायी।
भईया जी की रिपोर्ट