नवादा : जिले के बाजिदपुर-चन्द्रदीप पथ पर सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई। घटना कौआकोल थाना क्षेत्र के दरावां हाई स्कूल के समीप बुधवार की डोपहर हुई। जहां तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने साइकिल सवार युवक को जोरदार टक्कर मार दिया। गंभीर रूप से घायल युवक को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई। मृतक 18 वर्षीय सन्नी कुमार दरावां गांव निवासी भोला यादव का पुत्र था।
बताया जाता है कि युवक खेती किसानी में जुटे परिजनों को सहयोग करने खेत की ओर जा रहा था, तभी गांव के समीप हाई स्कूल के पास हादसे का शिकार हो गया। हादसे के बाद मौके पर रहे लोगों के सहयोग से उसे इलाज के लिए जमुई जिले के चन्द्रदीप स्थित अस्पताल ले जाया गया। दुर्घटना की वजह बना पिकअप से ही उसे अस्पताल ले जाया गया था, जहां उसकी मौत हुई।
हालांकि, बाद में चालक वाहन लेकर फरार हो गया। युवक की मौत से घर परिवार में कोहराम मचा है। परिजनों का रो रोकर बुरा हाल हो गया है। घटना की सूचना पुलिस को दी गई है। पुलिस मामले की जांच पड़ताल कर रही है। दुर्घटना की वजह बनी पिकअप वाहन की बरामदगी और उसके चालक की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।
भईया जी की रिपोर्ट