नवादा : जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के नेया गांव में जातीय भेदभाव का विरोध करना एक बुजुर्ग महिला को महंगा पड़ गया। पानी भरने को लेकर हुए विवाद में महिला के साथ गाली-गलौज के बाद मारपीट की गई। जख्मी महिला की पहचान किशोरी शर्मा की पत्नी देवंती देवी के रूप में हुई है।
पीड़ित महिला ने बताया कि वह गांव के मंदिर में पूजा करने जा रही थी। पूजा से पहले वह मंदिर के पास लगे नल से लोटा में पानी भर रही थी। इसी दौरान गांव का ही एक उच्च जाति का युवक पानी भरने आया। पानी का छींटा युवक को लग गया तो उसने देवंती देवी के साथ जातिसूचक गाली-गलौज शुरू कर दी। महिला द्वारा विरोध करने पर युवक ने उसके साथ मारपीट कर दी, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गई।
घटना के बाद घायल महिला को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है। देवंती देवी ने मुफस्सिल थाना में आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई है। पीड़िता के बयान पर थाना में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है, लेकिन समाचार लिखे जाने तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। गांव में घटना के बाद तनाव का माहौल है। लोगों ने पुलिस से जल्द कार्रवाई की मांग की है।
भईया जी की रिपोर्ट