नवादा : जिले के हिसुआ बाजार में तेज रफ्तार अज्ञात वाहन की चपेट में आने से प्रोफेसर की मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। मृतक की पहचान हिसुआ थाना क्षेत्र के पांचु मोहल्ला निवासी 40 वर्षीय अरविंद कुमार के रूप में हुई है। बताया जाता है कि अरविंद कुमार महिला कॉलेज में प्रोफेसर के पद पर कार्यरत थे।जानकारी के अनुसार, अरविंद कुमार अपने घर से दुकान की ओर जा रहे थे।
इसी दौरान हिसुआ-राजगीर रोड पर तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगने के बाद वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही हिसुआ पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है। पुलिस अज्ञात वाहन और उसके चालक की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच समेत अन्य माध्यमों से छानबीन कर रही है। घटना से आक्रोशित लोगों ने विश्व शांति चौक को घंटों जाम कर दिया। बाद में अधिकारियों के समझाने बुझाने पर जाम को वापस लिया जा सका।
भईया जी की रिपोर्ट