नवादा : जिले के पकरीबरावां थाना क्षेत्र के पोक्सी गांव में 20 वर्षीया नवविवाहिता स्वाति सिन्हा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के बाद मृतका के मायके वालों ने ससुराल पक्ष पर सल्फास खिलाकर हत्या का आरोप लगाया है। सूचना मिलने पर पुलिस ने तत्काल गांव पहुंचकर अंतिम संस्कार के लिए ले जाए जा रहे शव को अर्थी से बरामद कर लिया। शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। थानाध्यक्ष रंजन चौधरी ने बताया कि मृतका के मायके वालों की ओर से पुलिस को सूचना दी गई थी कि युवती की हत्या कर उसके शव को आनन-फानन में जलाने के लिए ले जाया जा रहा है।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम पोक्सी गांव पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू की। मामले में मृतका के पिता हजारी प्रसाद के बयान पर पति समेत ससुराल पक्ष के चार लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस के अनुसार, मृतका के पिता ने आरोप लगाया कि उनकी पुत्री को सल्फास खिलाकर उसकी हत्या की गई है। प्राथमिकी दर्ज होने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मृतका के ससुर अर्जुन प्रसाद को गिरफ्तार कर लिया है वहीं, अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।
घटना की सूचना मिलने के बाद थानाध्यक्ष रंजन चौधरी पुलिस टीम के साथ पोक्सी गांव पहुंचे और घटनास्थल की जांच की। उन्होंने आसपास के लोगों से पूछताछ कर घटना के संबंध में जानकारी जुटायी। मामले की वैज्ञानिक जांच के लिए एफएसएल की टीम ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर आवश्यक साक्ष्य जुटाए हैं। बताया गया कि कतरीसराय थाना क्षेत्र के बरीठ गांव निवासी हजारी प्रसाद की पुत्री स्वाति सिन्हा की शादी इसी वर्ष 25 फरवरी को पोक्सी गांव निवासी अर्जुन प्रसाद के पुत्र अभिमन्यु कुमार के साथ हुई थी। शादी के महज कुछ महीनों बाद ही युवती की मौत से मायके पक्ष में मातम पसरा हुआ है।
ससुराल पक्ष के लोगों का कहना है कि युवती ने सल्फास खाकर आत्महत्या की है। हालांकि, मायके पक्ष ने इस दावे को खारिज करते हुए हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, एफएसएल जांच और अनुसंधान के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। थानाध्यक्ष रंजन चौधरी ने बताया कि मामले की सघनता से जांच की जा रही है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर कार्रवाई की जा रही है।
भईया जी की रिपोर्ट