नवादा : भाई-बहन के पवित्र प्रेम, अटूट विश्वास और अटूट स्नेह का प्रतीक रक्षाबंधन का त्योहार जैसे-जैसे करीब आ रहा है, जिले का मुख्य बाजार रंग-बिरंगी और आकर्षक राखियों की रौनक से सराबोर हो उठा है। जिले के मुख्य बाजारों व कस्बों के चौक-चौराहों, व्यावसायिक प्रतिष्ठानों और प्रमुख रास्तों पर राखियों की दुकानें सज गई हैं। इस बार बाजार में बच्चों की पसंदीदा कार्टून राखियों से लेकर ₹10 की सामान्य और ₹35 हजार तक की सोने-चांदी की डिजाइनर राखियां बिक रही हैं। रक्षाबंधन का यह पावन पर्व 28 अगस्त को पूरे जिले में धूमधाम से मनाया जाएगा।
शहर के इन प्रमुख बाजारों में उमड़ रही खरीदारों की भीड़
नवादा शहर के पुरानी स्टेशन रोड, पंपुकल चौक, पुराना बाजार, विजय बाजार, पुरानी कचहरी रोड और अस्पताल रोड समेत विभिन्न इलाकों में राखियों की छोटी-बड़ी दुकानें सज गई हैं। अपने भाइयों की कलाई सजाने के लिए बाजार पहुंच रही बहनों में जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है। दूर-दराज रहने वाले भाइयों को समय पर राखी भेजने के लिए बहनें डाक और कूरियर के जरिए अभी से ही राखियां भेज रही हैं।
बच्चों के लिए कार्टून व एलईडी और भैया-भाभी के लिए लुंबा सेट आकर्षण का केंद्र:-
बाजार में इस बार पारंपरिक रेशमी धागों के अलावा ब्रेसलेट, स्टोन, एलईडी लाइट और बच्चों के लिए स्पाइडरमैन, छोटा भीम व डोरेमोन जैसी कार्टून कैरेक्टर वाली राखियां खूब पसंद की जा रही हैं।
भैया-भाभी सेट (लुंबा) : ₹80 से ₹250
बच्चों की फैंसी व कार्टून राखी : ₹20 से ₹120
भैया/डिजाइनर राखी : ₹20 से ₹500 तक
₹35 हजार तक की सोने और चांदी की राखियों का बढ़ा क्रेज
ज्वैलरी दुकानों पर इस बार चांदी और सोने की राखियों की मांग में इजाफा देखा जा रहा है। भोला भाई ज्वेलर्स के अनुसार, चांदी की राखियां ₹350 से ₹5,000 तक की रेंज में उपलब्ध हैं, जबकि सोने की राखियां ₹15,000 से ₹35,000 की कीमत में बिक रही हैं। ग्राहक अपनी पसंद और बजट के अनुसार विशेष ऑर्डर देकर भी कीमती राखियां तैयार करवा रहे हैं। राखी व्यवसायी मनोज पंडित ने बताया कि रक्षाबंधन को लेकर बाजार पूरी तरह तैयार है और इस बार अच्छी बिक्री की उम्मीद जताई जा रही है।
भईया जी की रिपोर्ट