नवादा : जिले के मेसकौर थाना क्षेत्र में गया-नवादा सीमा के पास माइक्रोफाइनेंस कंपनी के दो कर्मियों से हथियार के बल पर दिनदहाड़े लूट की घटना हुई। हरला आहर के पास दो बाइक पर सवार चार अपराधियों ने दोनों कर्मियों को घेरकर 73 हजार 970 रुपये नकद, मोबाइल फोन, शैक्षणिक प्रमाणपत्र और अन्य जरूरी कागजात लूट लिए। मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई कर एक आरोपित को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
पीड़ित गया जिले के खिजसराय थाना क्षेत्र के डेमाफतेहपुर निवासी रंजीत कुमार, पिता बालुसुंदर मांझी ने मेसकौर थाने में आवेदन दिया है। रंजीत हिसुआ ब्रांच की स्वतंत्र माइक्रोफिन लिमिटेड कंपनी में एसएफओ के पद पर कार्यरत हैं। वह अपने साथी ट्रेनिंग एसएफओ धनंजय कुमार के साथ कलेक्शन के लिए निकले थे। दोनों पूर्णाडीह वरोसर सेंटर से 66 हजार 190 रुपये और वरोसर सेंटर से 7 हजार 780 रुपये का कलेक्शन कर दोनों बाइक से हिसुआ लौट रहे थे।
रंजीत कुमार के अनुसार, करीब 11:30 बजे हरला आहर के पास दो स्प्लेंडर बाइक पर सवार चार बदमाशों ने आगे और पीछे से घेरकर उनकी बाइक रुकवा दी। आरोप है कि बदमाशों ने गाली-गलौज और मारपीट करते हुए हथियार का भय दिखाया और कलेक्शन का बैग छीन लिया। बैग में नकदी के अलावा रंजीत कुमार के मैट्रिक और इंटर के मूल प्रमाणपत्र सहित अन्य जरूरी दस्तावेज थे। अपराधियों ने दोनों के मोबाइल फोन लूट लिए। इसके बाद बदमाशों ने उनकी बाइक की चाबी पानी में फेंक दी और अलग-अलग दिशाओं में फरार हो गए।
थानाध्यक्ष कन्हैया कुमार ने बताया कि मामले में कांड संख्या 119/26 दर्ज किया गया। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 309(4) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की तथा घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर गया जिले के फतेहपुर थाना क्षेत्र के निनौरा गांव निवासी कामेश्वर यादव के पुत्र बिट्टू कुमार को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार बिट्टू कुमार को रविवार को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक प्रक्रिया के तहत भेज दिया गया। पुलिस अन्य आरोपितों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। पुलिस का कहना है कि मामले में शामिल अन्य अपराधियों को भी जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।
भईया जी की रिपोर्ट