नवादा : जिले के बिहार-झारखंड सीमा रजौली थाना क्षेत्र के चितरकोली उत्पाद जांच चौकी पर उत्पाद विभाग की टीम ने वाहन जांच के दौरान 124.20 लीटर विदेशी शराब बरामद की है। झारखंड की ओर से बिहार में प्रवेश कर रही लग्जरी कार संख्या WB38U5009 को जांच के लिए रोका गया। तलाशी के दौरान कार के अलग-अलग हिस्सों में बनाए गए कई गुप्त तहखाने मिले, जिनमें शराब छिपाकर रखी गई थी। कार में शराब छिपाने के तरीके को देखकर जांच कर रही टीम भी हैरान रह गई।
उत्पाद चेकपोस्ट प्रभारी अमृत गुप्ता ने बताया कि शराब के साथ नालंदा जिले के सोहसराय थाना क्षेत्र के मोगलकुआं मुहल्ला निवासी स्वर्गीय ललन पासवान के 34 वर्षीय पुत्र राहुल पासवान को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में राहुल ने बताया कि यह कार उसे ‘चांद’ नाम के एक व्यक्ति ने झारखंड के बरकट्ठा में दी थी और इसे बिहार तक ले जाने के लिए कहा था।
आरोपी ने पूछताछ के दौरान चांद का मोबाइल नंबर उत्पाद विभाग की टीम को उपलब्ध कराया है। अब पुलिस और उत्पाद विभाग उस नंबर के आधार पर आगे की जांच में जुट गयी हैं। शराब और कार को जब्त कर आरोपी के खिलाफ उत्पाद अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है। चितरकोली चेकपोस्ट पर झारखंड से आने वाले वाहनों की लगातार सघन जांच की जा रही है, ताकि शराब की तस्करी पर रोक लगाई जा सके।
भईया जी की रिपोर्ट