नवादा : जिले के नारदीगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत इचुआ गांव में शुक्रवार दोपहर बाद संदिग्ध परिस्थितियों में एक युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान नंदपुर गांव निवासी स्व. कुलो मांझी के 30 वर्षीय पुत्र मुंद्रिका मांझी के रूप में हुई है। ग्रामीणों का आरोप है कि इचुआ गांव में अवैध शराब के धंधे के खिलाफ पुलिस टीम छापेमारी करने पहुंची थी। इसी दौरान नंदपुर गांव का मुंद्रिका मांझी वहां बैठकर शराब पी रहा था।
आरोप है कि पुलिस ने उसे लाठी-डंडे से पीटा, जिसके बाद घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर मौजूद सभी पुलिसकर्मी वहां से भाग गए। घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए। नारदीगंज थाना अध्यक्ष राजेश कुमार ने बताया कि उन्हें ग्रामीणों के माध्यम से एक व्यक्ति की मौत की सूचना मिली।
उन्होंने बताया पुलिस वाहन घटनास्थल पर भेज दिया गया है। उन्होंने कहा पुलिस द्वारा मारपीट से मौत होने की कोई सूचना नहीं है। नारदीगंज थाना की पुलिस उस गांव में छापेमारी के लिए नहीं गई थी। उस समय पुलिस वनगंगा क्षेत्र में गश्त पर थी। पुलिस टीम घटना स्थल पर जा रही है। मामले की जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी।पुलिस मौके पर पहुंचकर मामले की जांच में जुटी है। मौत के सही कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही चल पाएगा।
भईया जी की रिपोर्ट