नवादा : नगर में अवैध रूप से संचालित निजी अस्पतालों और नर्सिंग होम के खिलाफ जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। जिला पदाधिकारी के निर्देश पर गठित जांच टीम की रिपोर्ट के आधार पर छह अस्पतालों के संचालकों, प्रबंधकों और संबंधित चिकित्सकों के विरुद्ध नगर थाना में प्राथमिकी दर्ज कराने का आदेश दिया गया है। कार्रवाई के दौरान पांच लोगों को गिरफ्तार कर पुलिस के हवाले किया गया।
30 जुलाई को गठित टीम ने आरोग्यम हॉस्पिटल, डॉ. रवि केयर हॉस्पिटल, एंजल मैटरनिटी हॉस्पिटल, अमृत हॉस्पिटल, चौधरी एंड गिरजा ट्रॉमा सेंटर और जनजीवन इमरजेंसी अस्पताल का निरीक्षण किया। जांच के दौरान अधिकांश अस्पताल बिना वैध निबंधन के संचालित पाए गए।
निरीक्षण में कई अस्पतालों में विशेषज्ञ चिकित्सक अनुपस्थित मिले, जबकि ऑपरेशन थिएटर का संचालन जारी था। इसके अलावा अग्निशमन प्रमाणपत्र, जैव चिकित्सा अपशिष्ट प्रबंधन, ऑक्सीजन सिलेंडर की समुचित व्यवस्था और फार्मासिस्ट जैसी अनिवार्य सुविधाओं का अभाव पाया गया।
भईया जी की रिपोर्ट