नवादा : जिलाधिकारी के निर्देश पर जिले के पकरीबरावां- प्रखंड मुख्यालय में अवैध रूप से संचालित स्वास्थ्य संस्थानों के खिलाफ प्रशासन ने व्यापक जांच अभियान चलाया। बीडीओ डॉ. मृत्युंजय कुमार के नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने कई निजी स्वास्थ्य संस्थानों का निरीक्षण किया। कार्रवाई के दौरान दो अल्ट्रासाउंड सेंटरों को सील कर दिया गया, जबकि एक निजी क्लिनिक में गंभीर अनियमितताएं मिलने पर उसकी जांच रिपोर्ट जिला प्रशासन को भेजी जा रही है।
दो अल्ट्रासाउंड सेंटरों पर कार्रवाई
जांच टीम सबसे पहले मुख्य बाजार स्थित पारस अल्ट्रासाउंड सेंटर पहुंची, जहां निरीक्षण के दौरान कोई योग्य चिकित्सक या रेडियोलॉजिस्ट मौजूद नहीं मिला। आवश्यक दस्तावेज भी प्रस्तुत नहीं किए जा सके। इसके बाद मोहनबीघा के समीप स्थित खुशी अल्ट्रासाउंड सेंटर की जांच में भी निर्धारित मानकों का पालन नहीं पाया गया। दोनों केंद्रों को मौके पर सील कर दिया गया।
राजेश क्लिनिक में मिली अनियमितताएं
इसके बाद टीम ने व्यापार मंडल के समीप स्थित राजेश क्लिनिक का निरीक्षण किया। जांच के समय क्लिनिक में बड़ी संख्या में मरीज मौजूद थे, लेकिन कोई चिकित्सक उपस्थित नहीं थे। संचालक ने बताया कि ऑपरेशन के लिये बाहर से विशेषज्ञ चिकित्सकों को बुलाया जाता है। हालांकि निरीक्षण के दौरान न तो चिकित्सक मौजूद थे और न ही लाइसेंस, निबंधन प्रमाणपत्र सहित अन्य आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराए जा सके। इस संबंध में विस्तृत रिपोर्ट जिला प्रशासन को भेजी जा रही है।
नियमों का उल्लंघन करने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई
बीडीओ डॉ. मृत्युंजय कुमार ने बताया कि मरीजों के स्वास्थ्य से किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। बिना योग्य चिकित्सक के स्वास्थ्य सेवाओं का संचालन कानून का उल्लंघन है और इससे मरीजों की जान जोखिम में पड़ सकती है। उन्होंने कहा कि प्रखंड में संचालित सभी निजी अस्पतालों, क्लिनिकों, अल्ट्रासाउंड सेंटरों और जांच घरों की जांच आगे भी जारी रहेगी। जहां भी नियमों का उल्लंघन मिलेगा, वहां सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
कार्रवाई से मचा हड़कंप
संयुक्त छापेमारी अभियान में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. शशिभूषण कुमार, एसआई सौरभ कुमार सहित स्वास्थ्य विभाग और पुलिस प्रशासन के अधिकारी मौजूद रहे। प्रशासन की कार्रवाई के बाद क्षेत्र में बिना पंजीकरण अथवा नियमों के विरुद्ध संचालित निजी क्लिनिकों और जांच केंद्रों में हड़कंप मच गया।
भईया जी की रिपोर्ट