नवादा : जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र में सड़क पर राहगीरों को निशाना बनाकर मोबाइल झपटने वाले अंतरजिला गिरोह का पुलिस ने महज छह घंटे में पर्दाफाश कर दिया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन शातिर अपराधियों को धर दबोचा। इनके कब्जे से सात एंड्रॉयड मोबाइल और 13 हजार रुपये नकद बरामद किए गए हैं।
27 जुलाई 2026 को सिरदला निवासी पियूष कुमार ने मुफस्सिल थाना में आवेदन देकर शिकायत दर्ज कराई थी कि नहर पुल के पास पल्सर सवार दो युवकों ने उनका ओप्पो मोबाइल झपट लिया। शिकायत मिलते ही पुलिस ने कांड संख्या 254/26 दर्ज कर जांच शुरू कर दी। एसपी अभिनव धीमान के निर्देश पर मुफस्सिल थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर संजीत कुमार सिंह के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल लोकेशन और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर महज छह घंटे के भीतर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नालंदा जिले के महारबिगहा निवासी क्रिश कुमार (19), धरनी धाम निवासी अमन कुमार (21) और सैदवी निवासी नवनीत कुमार (20) के रूप में हुई है। ये आरोपी सुनसान सड़कों पर झपटमारी कर तुरंत जिला बदल लेते थे। एसडीपीओ-2 राहुल सिंह ने बताया कि बरामद मोबाइलों की जांच से नवादा के दो और नालंदा (पावापुरी, गिरियक, दीपनगर) के तीन मामलों सहित कुल पांच झपटमारी कांडों का खुलासा हुआ है। पुलिस अब इस गैंग के पूरे नेटवर्क और आपराधिक इतिहास को खंगालने में जुटी है।
भईया जी की रिपोर्ट